मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा ऐलान किया है. ट्रंप ने कहा है कि बीते 50 वर्षों में पहली बार अमेरिका में नई तेल रिफाइनरी खुलने जा रही है.
ट्रंप ने कहा कि एनर्जी के क्षेत्र में वापसी कर रहा है. आज, मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि बीते 50 वर्षों में अमेरिका की पहली रिफाइनरी टेक्सास के ब्राउनस्विले में खुलने जा रही है. ये ऐतिहासिक डील 300 अरब डॉलर की है, जो अमेरिकी इतिहास की सबसे बड़ी डील है. उन्होंने कहा कि ये अमेरिकी कामगारों और साउथ टेक्सास के लोगों की बड़ी जीत है. इस निवेश के लिए हमारे सहयोगी देश भारत और उनकी निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस का शुक्रिया. हमारे अमेरिका फर्स्ट एजेंडे की वजह से स्ट्रीमलाइनिंग परमिट और टैक्स कम करने से देश में अरबों डॉलर की डील हुई है.ट्रंप ने कहा कि ब्राउन्सविले के बंदरगाह पर एक नई रिफाइनरी से अमेरिकी बाजारों को ताकत मिलेगी. हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत होगी और एनर्जी प्रोडक्शन को बढ़ावा मिलेगा. यह दुनिया की सबसे साफ-सुथरी रिफाइनरी होगी. ऑयल टैंकर्स को होर्मुज स्ट्रेट का इस्तेमाल करने से रोक दिया है. दुनिया का लगभग 20 फीसदी कच्चा तेल इसी रास्ते से जाता है. होर्मुज स्ट्रेट के पास ऑइल टैंकर्स पर ईरान हमले भी कर रहा है. इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट के पास मर्चेंट शिप पर हुए हमलों में अब तक सात नाविक मारे गए हैं.
ईरान संग जंग को लेकर व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलाइन लैविट ने कहा कि अमेरिका ने ड्रोन लॉन्च करने वाले 50 से अधिक जहाजों और पोतों को नष्ट कर दिया है. राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी टीम बाजार की स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त विकल्प तैयार किए जा रहे हैं. लैविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ऊर्जा से जुड़े मुद्दों पर अतिरिक्त कदम उठाने से नहीं डरते. राष्ट्रपति को भरोसा है कि निर्धारित लक्ष्यों को बहुत जल्द हासिल कर लिया जाएगा.
लैविट ने कहा कि ईरान के खिलाफ यह ऑपरेशन तभी खत्म होगा, जब ट्रंप मानेंगे कि सभी लक्ष्य पूरे हो गए हैं और ईरान बिना शर्त आत्मसमर्पण कर चुका है.





