Blog

भाटापारा के स्पंज आयरन प्लांट में हादसा : क्लिनिकल फर्नेस के दौरान ब्लास्ट से 6 मजदूरों की मौत और पांच घायल

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भाटापारा स्थित स्पंज आयरन प्लांट में गुरुवार को बड़ा हादसा हुआ। क्लिनिकल फर्नेस के दौरान ब्लास्ट होने में छह मजदूरों की मौत हो गई  है। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को पहले भाटापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैं भेजा गया। फिर प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद प्लांट में अफरा तफरी का माहौल दिखा। यह घटना भाटापारा ग्रामीण थाने क्षेत्र के ग्राम बकुलाही स्थित प्लांट की है। मोटाज अंसारी, 26 वर्ष, बढ़ई सेंटर- एमएस, सराफत अंसारी, 32 वर्ष, बढ़ई – एमएस, साबिर अंसारी, 37 वर्ष, बढ़ई-एमएस, कल्पू भुइया, 51 वर्ष,  हेल्पर व रामू भुइया, 34 वर्ष, हेल्पर गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  हादसे की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में लगी है।  मौके पर कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता पहुंचे।

जिला कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाका यूनिट के डस्ट सेटलिंग चैंबर (DSC) में हुआ और गर्म धूल मज़दूरों पर गिर गई, जिससे वे बुरी तरह जल गए। उन्होंने बताया कि छह मज़दूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कलेक्टर ने बताया कि पांच घायल मजदूरों को बिलासपुर के छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने जताया दुख
हादसे पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। क्लिनिकल फर्नेस के दौरान हुए विस्फोट में श्रमिकों के असामयिक निधन को अत्यंत दुःखद बताते हुए उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को बेहतर उपचार हेतु सिम्स, बिलासपुर में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घायलों को हर संभव उत्तम एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे। मंत्री जायसवाल ने बताया कि इस संबंध में बलौदाबाजार कलेक्टर से चर्चा की गई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

The post भाटापारा के स्पंज आयरन प्लांट में हादसा : क्लिनिकल फर्नेस के दौरान ब्लास्ट से 6 मजदूरों की मौत और पांच घायल appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button