कोलकाता। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को मालदा से देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वंदे भारत ट्रेन पश्चिम बंगाल के हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलेगी। इस दौरान पीएम मोदी ने चार अमृत भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा ‘आज मालदा से पश्चिम बंगाल की प्रगति को गति देने का अभियान और तेज हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ ही देर पहले, पश्चिम बंगाल के विकास से जुड़े अनेक प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। नई रेल सेवाएं पश्चिम बंगाल को मिली हैं।’ ‘इन प्रोजेक्ट्स से यहां के लोगों के लिए यात्राएं आसान होंगी और व्यापार-कारोबार भी आसान बनेगा। यहां ट्रैक मेंटेनेंस से जुड़ी जो नई सुविधाएं बनी हैं, उनसे यहां के नौजवानों के लिए नए अवसर बनेंगे। बंगाल की इस पावन भूमि से आज भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की तरफ एक और बड़ा कदम उठाया गया है।’
वंदेभारत स्लीपर का किराया
ट्रेन के 16 कोचों में से 11 एसी-3 टियर, चार एसी-2 टियर और एक फर्स्ट एसी कोच है। स्लीपर ट्रेन के थर्ड एसी का किराया 2300 रुपये तय किया गया है। सेकेंड एसी का किराया 3000 और फर्स्ट एसी का किराया करीब 3600 रुपये होगा।
जानिए स्लीपर वंदे भारत की खासियत
- स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में रात में यात्रा की सुविधा दी गई है, जिसमें यात्री आराम से लेटकर यात्रा कर सकेंगे।
- पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी के बीच संचालित होगी।
- वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से हावड़ा और गुवाहाटी के बीच की यात्रा 14 घंटे में पूरी होगी।
- वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 16 आधुनिक कोच हैं, जिनमें कुल 1128 यात्री सफर कर सकते हैं।
- वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 180 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है।
- वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में लगाई गईं स्लीपर बर्थ ज्यादा आरामदायक होंगी।
- ट्रेन में सामान रखने के लिए भी पर्याप्त स्थान दिया गया है।
- ओवरहेड रैक और सीट के नीचे भी रैक दी गई हैं। बड़े सूटकेस के लिए कोच में लगेज एरिया भी है।
- वंदे भारत स्लीपर के शौचालय आधुनिक सैनिटेशन तकनीक से लैस हैं।
- ट्रेन के सभी कोच में सीसीटीवी कैमरे, आपात टॉक बैक सिस्टम और अग्निशमन उपकरण मौजूद हैं।
The post पीएम मोदी ने देश के पहले वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, हावड़ा से गुवाहाटी के बीच दौड़ेगी ट्रेन appeared first on ShreeKanchanpath.


