मैकरोनी पास्ता बच्चों से ले कर बड़ों तक, सभी की फेवरिट डिश है। खासतौर से देसी तड़के वाली मैकरोनी का तो अपना अलग ही स्वाद है। ढेर सारी प्याज, लहसुन, टमाटर, बटर और देसी मसालों के साथ बनी मैकरोनी खाने में लाजवाब लगती है। आमतौर पर आपने कड़ाही या पैन में मैकरोनी बनाकर खाई होगी। लेकिन क्या आप जानती हैं कि इसे आप प्रेशर कुकर में भी बना सकती हैं? कुकर में एक तो मैकरोनी फटाफट बन जाएगी, दूसरा इसका टेस्ट भी काफी अच्छा आएगा। किसी दिन कुछ बनाने का मन ना हो या कुछ चटपटा खाना हो, तो ये देसी स्टाइल मैकरोनी प्रेशर कुकर में झटपट बना सकती हैं। शेफ सत्या ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसकी फुल रेसिपी शेयर की है, आइए जानते हैं।
देसी तड़के वाली मैकरोनी बनाने के लिए सामग्री
मैकरोनी बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- तेल और बटर, कटी हुई प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, नमक, हल्दी पाउडर, काली मिर्च पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, सोय सॉस (1 चम्मच), थोड़ी सी मेयोनीज, टोमैटो केचअप, मैकरोनी पास्ता, पानी और गार्निशिंग के लिए हरा धनिया पत्ता।
कुकर में बनाएं चटपटी मैकरोनी
कुकर में चटपटी सी मैकरोनी बनाने के लिए सबसे पहले थोड़ा सा बटर और तेल गर्म कर लें। अब इसमें थोड़ा सा जीरा चटका लें, फिर कटी हुई प्याज और टमाटर डालकर भून लें। इसमें कटी हुई शिमला मिर्च भी एड करें और उसे भी थोड़ी देर के लिए भून लें। इसके बाद बारी है बेसिक मसाले मिलाने की। मैकरोनी में चटपटे स्वाद के लिए स्वादानुसार नमक, हल्दी पाउडर, काली मिर्च पाउडर, लाल मिर्च पाउडर मिलाएं और सभी चीजों को आपस में अच्छी तरह मिक्स करें।इसके बाद थोड़ा सा स्ट्रीट स्टाइल टेस्ट देने के लिए पास्ता में सोय सॉस, मेयोनीज और टमैटो केचअप भी एड करें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करें, फिर पास्ता में पानी एड करें। आपको सिर्फ उतना पानी डालना है, जितने में पास्ता पूरी तरह कवर हो जाए। अब कुकर का ढक्कन बंद करें और लगभग 2 सीटी आने तक पका लें। प्रेशर निकलने के बाद कुकर का ढक्कन खोलें, मैकरोनी को अच्छे से मिक्स करें, ऊपर से कटे हुए फ्रेश धनिया की गार्निशिंग करें और गरमा-गरम सर्व करें।





