कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में 8 साल पहले हुए नाबालिग की हत्या के मामला सुलझाने में पुलिस को सफलता मिली है। कबीरधाम पुलिस ने मंगलवार को इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुराने मामलों की फिर से विवेचना के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली।
बता दें 17 मई 2017 को थाना कुकदूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमनिया की 14 वर्षीय बालिका राजबाई गोड का शव कोलिहामाड़ा नाला के पास भेलवा पेड़ में उसकी चुनरी से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण गला दबाने से दम घुटना बताया गया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि मामला आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का है। इसके आधार पर 27 मई 2017 को अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 201 दर्ज कर जांच में लिया गया। लगातार पतासाजी के बाद भी आरोपी का पता नहीं चला। इसके बाद यह केस ठंडे बस्ते में चला गया।
इस बीच कबीरधाम पुलिस द्वारा पुराने अनसुलझे मामलों की पुनः समीक्षा शुरू की गई। इस दौरान नाबालिग के हत्या के मामले को फिर से खोला गया। विवेचना के दौरान प्रकरण से जुड़े संदेहियों की पहचान कर उन पर लगातार निगरानी रखी गई। इसी दौरान साक्षी लक्ष्मण टेकाम, निवासी ग्राम नेउर, द्वारा घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई, जिसे वह भयवश पूर्व में प्रकट नहीं कर सका था। साक्षी का कथन कोर्ट में धारा 164 दंड प्रक्रिया संहिता अंतर्गत दर्ज कराया गया, जिससे विवेचना को निर्णायक दिशा प्राप्त हुई।
साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रमला उर्फ राम धुर्वे से पूछताछ कर मेमोरेंडम कथन लिया गया। जिसमें उसके द्वारा यह बताया गया कि दयाल उर्फ दयालाल बैगा द्वारा नाबालिग का गला दबाकर हत्या की गई। दोनों द्वारा मिलकर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को उसकी चुनरी से पेड़ पर लटकाया गया। इसके बाद आरोपी दयाल उर्फ दयालाल बैगा पिता शोभन सिंह बैगा उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम घोघरा, वर्तमान निवासी ग्राम हाथीबुड़ान थाना कुकदूर से कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार किया।
कबीरधाम पुलिस ने इस साल सुलझाए 14 ब्लाइंड मर्डर केस
कबीरधाम पुलिस इस साल पुराने ब्लाइंड मर्डर के कुल 14 मामलों में सफलता अर्जित की गई है, जिनमें आरोपियों की गिरफ्तारी कर प्रकरणों का विधिवत खुलासा किया गया है। इन मामलों में थाना कवर्धा क्षेत्र का चर्चित डॉक्टर दंपति डबल मर्डर हत्याकांड, थाना तरेगांव व थाना पिपरिया के अंधे कत्ल प्रकरण प्रमुख रूप से शामिल हैं। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि गंभीर अपराध चाहे कितने भी पुराने क्यों न हों, अपराधी कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते।
The post CG Crime : 8 साल पुराने हत्या का खुलासा, कबीरधाम में फांसी पर लटका मिला था नाबालिग का शव appeared first on ShreeKanchanpath.


