Blog

नकली सोने का बिस्किट दिखाकर 10 लाख ठगने की कोशिश, जशपुर में तीन शातिर गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। तीनों शातिरों ने यहां के शख्स को 450 ग्राम नकली सोने का बिस्किट दिखाकर 10 लाख में सौदा तय किया। शातिरों ने एडवांस के रूप में 10 हजार रुपए भी ले लिए। जब शख्स ने सोनार से जांच कराया तो वह बिस्किट नकली निकला। इसके बाद इस मामले में शख्स ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला जशपुर के थाना लोदाम क्षेत्र का है।

दरअसल एक दिसंबर को थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत ग्राम साईं टांगर टोली निवासी प्रार्थी फिरोज हजाम ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि माह नवंबर 25 में उसके पास ग्राम करकली थाना कुसमी जिला बलरामपुर निवासी कलाम खान आया। उसने बताया कि उसके पास लगभग साढ़े चार सौ ग्राम सोने का बिस्किट है, जिसको वह कहीं से पाया है और बेचने के लिए ग्राहक खोज रहा है, यदि कोई लेने का इच्छुक है तो, उसे वह कम दाम में ही दे देगा।

यह सुनकर फिरोज खुद ही सोने का बिस्किट खरीदने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद कलाम खान ने फिरोज को बोला गया कि सोने का बिस्कट उसके घर पर है जिसे वीडियो कॉल के माध्यम से उसे दिखाएगा। इसके बाद 27 नवंबर को कलाम खान ने फिरोज को वीडियो कॉल के माध्यम से सोने का बिस्किट दिखाया। देखने के बाद फिरोज खरीदने के लिए तैयार हो गया। उनके बीच इसके लिए 10 लाख रुपए का सौदा हुआ।

1 दिसंबर को कलाम खान अपने दो साथियों शंकर भगत  व बिहारी तिर्की के साथ ग्राम जामटोली, भलमंडा में क्रेटा कार से आए। फिरोज को फोन कर वहीं मिलने के लिए बुलाया। फिरोज पहुंचा तो तीनों ने उससे पूछा 10 लाख रुपए लाए हो। फिरोज ने कहा कि सोने की बिस्किट को देखना है। तब तीनों ने बिना एडवांस लिए वह बिस्किट नहीं दिखाएंगे। इसके बाद फिरोज ने 10 हजार रुपए दिए तो तीनों ने उसे बिस्किट दिखा दिया और बाकि रकम मांगी।

इस पर फिरोज ने कहा कि वह पहले इसकी जांच कराएगा और उसके बाद ही पूरे पैसे देगा। फिरोज सोने का बिस्किट ले गया और अपने परिचित सोनार से जांच कराई तो वह नकली निकला। इसके बाद उसने कलाम को फोन कर सोना नकली होना बताया और अपने 10 हजार रुपए मांगे। इस बाद कलाम ने कह दिया सोना रखना है तो रखो 10 हजार नहीं मिलेंगे। अपने साथ ठगी का अहसास होने के बाद उसने थाना लोदाम पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल ग्राम जामटोली भलमंडा पहुंच कर घेराबंदी कर आरोपी कलाम खान उम्र 26 वर्ष, शंकर लाल भगत उम्र 45 वर्ष और बिहारी तिर्की उम्र 55 वर्ष को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी ग्राम करकली, थाना कुसमी , जिला बलरामपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4),3(5) के तहत कार्रवाई की। पुलिस की पूछताछ पर आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि थाना लोदाम क्षेत्र में नकली सोने के साथ, ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, अग्रिम कार्यवाही जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे , प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक सुशील एक्का व अमर मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

The post नकली सोने का बिस्किट दिखाकर 10 लाख ठगने की कोशिश, जशपुर में तीन शातिर गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button