पोहा ज्यादातर भारतीय घरों में बनने वाला टेस्टी नाश्ता है। अगर आपको भी ऐसा लगता है कि आपके हाथ से पोहा बिगड़ जाता है तो आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए यहां जान लें।
1 पोहा को बहुत देर तक नहीं धोएं। अगर आप इसे ज्यादा देर भिगो देंगी तो यह चिपक जाएगा। बिल्कुल नहीं भिगोएंगी तो सूखा रह जाएगा। पोहा को हल्के हाथों से धोकर पांच-सात मिनट के लिए छलनी में रख दें। पोहा उतनी ही नमी सोखेगा, जितनी जरूरत है।
2 पोहा को बहुत ज्यादा पकाने की जरूरत नहीं होती है। ज्यादा पकाने से यह सूख जाता है और इसका असर उसके स्वाद और टेक्सचर दोनों पर ही पड़ता है। पाेहा को सब्जियों के साथ मिलाने के बाद ढककर बस कुछ मिनट ही पकाएं।
3 पोहे में खटास के लिए अंत में नीबू का रस डाला जाता है। खिले-खिले पोहे के लिए नीबू के रस को पोहा पकाते वक्त डालें। पोहा भिगोने के बाद भी उसमें नीबू का रस डाल सकती हैं। इससे पोहा एक साथ चिपकेगा नहीं और उसके सूखने की आशंका भी कम हो जाएगी।
4 अगर तैयार पोहा ठंडा हो गया है और कड़ाही में रखा-रखा सूख गया है, तो उसे एक बार धीमी आंच पर रखें और ऊपर से पानी के छींटे मारें। इसके बाद उसे एक मिनट के लिए ढक दें। ऐसा करने से पोहा दोबारा से मुलायम हो जाएगा।5 पोहा बनाने के लिए गैस के तापमान का सही होना बहुत ज्यादा जरूरी है। पोहा बनाते वक्त गैस की आंच पहले मध्यम रखें और गैस बंद करने से कुछ सेकेंड पहले आंच धीमी करके पोहा में भाप लगाएं। बहुत तेज और धीमी आंच पर पकाने से पोहा नीचे से कड़ा होने लगता है।





