कोबरा 209 बटालियन के जवानों व नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़
बोकारो/भिलाई। सुरक्षाबलों के ऑपरेशन से छत्तीसगढ़ में नक्सली बैकफुट पर हैं। छत्तीसगढ़ के बाद अब झारखंड में भी सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। झारखंड के बोकारो जिले में सोमवार को कोबरा 209 बटालियन के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक करोड का इनामी नक्सली विवेक मारा गया है। नक्सली विवेक के साथ कुल 8 नक्सलियों को ढेर करने में सुरक्षाबलों को सफलता मिली है। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।

मिली जानकारी के अनुसार बोकारो जिले के लालपनिया इलाके के लुगु हिल्स में सोमवार की सुबह करीब 5.30 बजे मुठभेड़ शुरू हुई। 209 कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन (कोबरा) के जवानों ने अभियान चलाया। मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए। ढेर किए गए नक्सलियों में एक विवेक पर एक करोड़ का इनाम था। सुरक्षा बलों को मौके से एक एके सीरीज राइफल, तीन इंसास राइफल, एक सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), आठ देशी बंदूकें और एक पिस्तौल मिली हैं। मुठभेड़ में सुरक्षाबल के किसी भी जवान के चोटिल होने की सूचना नहीं है। इस ऑपरेशन के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में बताई जा रही है।

मार्च, 2026 तक देश से नक्सलवाद को खत्म करने की कवायद
पुलिस और सुरक्षा बलों का यह अभियान केंद्र सरकार की ओर से मार्च, 2026 तक देश से नक्सलवाद को खत्म करने की घोषणा का हिस्सा है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को समाप्त करने की घोषणा की थी। इसके बाद से ही सुरक्षाबलों द्वारा ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ में 2024 व 2025 में अब तक एनकाउंटर में 200 से ज्यादा नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है।

अमित शाह की सख्त चेतावनी
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा था कि नक्सली आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट आएं। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो उनको पाताल से भी ढूंढकर मारा जाएगा। नक्सलियों के सफाया के लिए केंद्र सरकार ने बस्तर में चार हजार अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए हैं। साल 2024 में जवानों ने 1033 नक्सलियों को गिरफ्तार किया, जबकि 925 ने आत्मसमर्पण किया था।
अमित शाह से मिलेंगे विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार शाम को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों और संबंधित विषयों की व्यापक समीक्षा के लिए नई दिल्ली में नॉर्थ ब्लॉक स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात करेंगे। इस दौरान सीएम साय छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों के ऑपरेशन से लेकर आत्मसमर्पित नक्सलियों की जानकारी अमित शाह से साझा करेंगे।
The post छत्तीसगढ़ के बाद अब झारखंड में सफलता, एक करोड़ के इनामी सहित 8 नक्सली ढेर appeared first on ShreeKanchanpath.