Blog

बस्तर में एनकाउंटर : अबूझमाड़ में नक्सलियों को घेर कर मारा, चार माओवादी ढेर, एक जवान शहीद

नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर हुई मुठभेड़, सीएम साय ने शहीद को किया नमन

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में एनकाउंटर की खबर है। यहां डीआरजी व एसटीएफ की संयुक्त टीमों ने नक्सलियों को घेरकर मारा। मुठभेड़ में चार नक्सली ढेर कर दिए गए हैं वहीं डीआरजी का एक जवान भी शहीद हो गया है। शहीद जवान की पहचान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद जवानों ने मौके से एके-47 और एसएलआर जैसे ऑटोमेटिक हथियार बरामद किए हैं। वहीं इस मुठभेड़ के बाद सीएम साय ने जवान की शहादत को नमन किया है।

मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर शनिवार की शाम 6 बजे से मुठभेड़ शुरू हुई। अबूझमाड़ के जंगल में पुलिस-नक्सलियों के बीच शनिवार देर रात मुठभेड़ हुई है, जिसमें डीआरजी जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हो गए। जवानों ने इस मुठभेड़ में 4 नक्सलियों को मार गिराया है। सर्चिंग के दौरान जवानों ने मौके से सभी नक्सलियों के शव और AK 47, SLR जैसे हथियार बरामद किए हैं। इसकी पुष्टि बस्तर IG सुंदरराज पी ने की है।

आत्मसमर्पित नक्सली थे शहीद जवान सन्नू कारम
मुठभेड़ में शहीद होने वाले जवान सन्नू कारम पूर्व में नक्सली रहे। शहीद जवान सन्नू कारम ने कुछ साल पहले ही उन्होंने नक्सलवाद छोड़ दिया था और पुलिस में भर्ती हुए थे, जहां उनकी पोस्टिंग दंतेवाड़ा में हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को अबूझमाड़ में भारी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद जवान सर्च ऑपरेशन पर रवाना हुए थे। बस्तर संभाग के चार जिलों से लगभग 1000 जवान सर्चिंग पर अलग अलग छोर से निकले। जवानों ने नक्सलियों के कोर इलाके को घेर लिया। जवानों को भागने का भी मौका नहीं मिला। इस मुठभेड़ में चार नक्सलियों को मार गिराया गया। शेष नक्सली फरार हो गए। वहीं गोलीबारी में जवान सन्नू कारम शहीद हो गया।

दो दिन पहले गरियाबंद में ढेर हुए थे तीन नक्सली
बता दें दो दिन पहले गरियाबंद जिले के नक्सल प्रभावित सोरनामाल जंगल में सुरक्षाबलों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया। डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड और स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने नक्सलियों को घेरा था। ऑपरेशन में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के करीब 300 जवान शामिल थे। ओडिशा के नवरंगपुर की ओर से भी जवानों ने घेराबंदी की थी, जिससे नक्सलियों को भागने का मौका नहीं मिला। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए। गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा ने इसकी पुष्टि की थी।

सीएम साय ने कहा- नक्सलियों के खात्मे तक जारी रहेगी लड़ाई
नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती दक्षिण अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में अब तक 4 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ में डीआरजी के जवान, प्रधान आरक्षक सन्नू कारम के शहीद होने की भी दुःखद खबर प्राप्त हुई है। उनका यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबल के जवान बहुत ही मजबूती से लड़ाई लड़ रहे हैं और उसके खात्मे तक यह लड़ाई जारी रहेगी। ईश्वर से शहीद जवान की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

The post बस्तर में एनकाउंटर : अबूझमाड़ में नक्सलियों को घेर कर मारा, चार माओवादी ढेर, एक जवान शहीद appeared first on ShreeKanchanpath.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button