बीजापुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों व पुलिस कार्रवाई के बाद भी नक्सलियों का उत्पात थम नहीं रहा है। मुखबिरी के शक में ग्रामीणों की हत्या कर रहे हैं। हाल ही में दो पूर्व सरपंचों की हत्या करने के बाद एक आंगनबाड़ी सहायिका की हत्या कर दी। शुक्रवार देर रात नक्सलियों ने मुखबिरी का आरोप लगाते हुए आंगनबाड़ी सहायिका का उसके बेटे के सामने गला रेत दिया। मामला बीजापुर के बासागुड़ा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक तिम्मापुर गांव की रहने वाली लक्ष्मी पदम आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात सादे कपड़ों में नक्सली उसके घर पहुंच गए। नक्सलियों ने पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। आंगनबाड़ी सहायिका तड़पती रही और नक्सलियों ने उसके बेटे के सामने उसका गला रेत दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद नक्सलियों ने एक पर्चा भी छोड़ा। घटना की जानकारी के पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने ली हत्या की जिम्मेदारी
आंगनबाड़ी सहायिका की हत्या की जिम्मेदारी नक्सलियों के संगठन भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने ली है। मौके पर मिले पर्चे में लिखा है कि यह महिला लगातार पुलिस के संपर्क में थी। इसे पहले भी समझाइश दी गई लेकिन वह नहीं मानी इसलिए इसे मौत की सजा दी गई है। बताया जा रहा है कि जिस जगह पर आंगनबाड़ी सहायिका की हत्या हुई उससे 1 किमी की दूरी पर ही सुरक्षाबलों का कैंप है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है।
The post Bijapur : मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने की आंगनबाड़ी सहायिका की हत्या, बेटे के सामने रेता गला appeared first on ShreeKanchanpath.