रायपुर। बॉलीवुड सुपर स्टार शाहरुख खान को धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस मंगलवार सुबह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से फैजान नाम के शख्स को गिरफ्तार कर लिया। पंडरी थाना क्षेत्र में रहने वाले पेशे से वकील फैजान पर शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। उसके खिलाफ बांद्रा पुलिस थाना मुंबई में अपराध दर्ज है। मुंबई पुलिस गिरफ्तारी के बाद फैजान को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लेकर जाएगी।
बता दें शाहरुख खान के लिए धमकी भरा फोन 5 नवंबर को उनकी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज के दफ्तर में आया था। फोन करने वाले ने कहा, शाहरुख खान मन्नत बैंड स्टेंड वाला है ना, अगर उसने मुझे 50 लाख रुपये नहीं दिए, तो उसे मैं मार डालूंगा। पुलिस ने कॉल करने वाले से उसकी पहचान पूछी तो उसने कहा, ये मैटर नहीं करता कि मेरा नाम क्या है, अगर लिखना ही है तो मेरा नाम हिन्दुस्तानी लिखो। इसके बाद इस मामले में मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई।
कॉल ट्रेस कर मुंबई की टीम पहुंची रायपुर
एफआईआर दर्ज होने के बाद धमकी भरा कॉल छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से आया है। इसके बाद मुंबई की टीम आरोपी की तलाश में रायपुर पहुंची। मुंबई पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर फैजान नाम के युवक की पहचान की और पंडरी थाना में उससे तकरीबन दो घंटे पूछताछ की थी। इस दौरान फैजान ने मुंबई पुलिस को बताया कि 2 नवंबर को उसका मोबाइल कहीं खो गया था। जिसकी शिकायत उसने खम्हारडीह थाना में दर्ज कराई थी। उसने यह भी कहा कि उसने शाहरुख को धमकी नहीं दी। इसके बाद नोटिस देकर उसे छोड़ दिया गया।
शाहरुख खान के एक डायलॉग से नाराजगी
पंडरी निवासी पेशे से वकील फैजान ने बाद में मीडिया से चर्चा में बिश्नोई समाज का भी जिक्र किया। उसने कहा था बिश्नोई समाज के लोगों से उसकी दोस्ती है और बिश्नोई समाज के लोग उसके सपोर्ट में हैं। उसने यह भी कहा कि अंजाम फिल्म में हिरण पर शाहरुख खान के डायलॉग को लेकर वो उनसे नाराज था। वो कहता है कि इस फिल्म में शाहरुख हिरण को मारकर पकाकर खाने की बात करते हैं। इस वजह से वो उनसे नाराज था। बिश्नोई समाज के जिक्र के बाद इस मामले को मुंबई पुलिस ने गंभीरता से लिया। मुंबई पुलिस ने फैजान को 11 नवंबर को बांद्रा थाने में पेश होने कहा लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसलिए मंगलवार यानी 12 नवंबर को उसे गिरफ्तार किया गया।
The post Breaking News : बॉलीवुड सुपर स्टार शाहरुख को धमकाने वाला फैजान रायपुर से गिरफ्तार, मुंबई पुलिस की कार्रवाई appeared first on ShreeKanchanpath.