Blog

राष्ट्रीय एकता के लिए दौड़ेगा दुर्ग, रन फॉर युनिटी में शामिल होंगे शहर भर के एथलीट

1 से 6 नवंबर तक शासकीय भवनों में की जाएगी रौशनी, शासकीय कार्यालयों में लेंगे राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ

दुर्ग। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर दुर्ग में 30 अक्टूबर बुधवार को रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जा रहा है। 31 अक्टूबर को दीपावली के अवसर पर शासकीय अवकाश होने के कारण रन फॉर युनिटी का आयोजन 30 अक्टूबर को प्रातः 7.30 बजे किया जाएगा। राष्ट्ररय एकता के लिए शहर भर के एथलीटों के साथ प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि इस दौड़ में भाग लेंगे। अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी अरविंद एक्का की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में इस संबंध में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।

एडीएम एक्का ने बैठक में रन फॉर युनिटी के आयोजन, राज्योत्सव की तैयारी और समय सीमा प्रकरणों की निराकरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को प्रति वर्ष पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। जिला मुख्यालय दुर्ग में रन फॉर युनिटी का आयोजन 30 अक्टूबर को प्रातः 7.30 बजे रविशंकर स्टेडियम परिसर से प्रारंभ होगा। इसमें शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित समस्त विभागों के अधिकारी कर्मचारी सम्मिलित होंगे। यह दौड़ रविशंकर स्टेडियम से प्रारंभ होकर गांधी प्रतिमा, जिला अस्पताल, बस स्टैण्ड से चर्च होते हुए पुनः रविशंकर स्टेडियम परिसर में समाप्त होगी। यहां पर सभी प्रतिभागी राष्ट्रीय एकता की शपथ लेंगे। इसी प्रकार सभी शासकीय कार्यलयों में भी 30 अक्टूबर को पूर्वान्ह 11 बजे सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ लेंगे। एडीएम एक्का ने राज्योत्सव के संबंध में अवगत कराया कि शासन के मार्गदर्शी निर्देशानुसार जिला मुख्यालय में 5 नवंबर को एक दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन पुरानी गंज मंडी में किया जाएगा। 1 नवंबर से 6 नवंबर तक सभी शासकीय भवनों में रौशनी की जाएगी।

एडीएम ने कहा कि कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा राज्योत्सव के आयोजन हेतु सभी अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। जिसके अनुसार अरविंद कुमार एक्का अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी दुर्ग को संपूर्ण कार्यक्रम हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनके सहयोग के लिए श्री बजरंग दुबे अपर कलेक्टर दुर्ग, श्री विरेन्द्र सिंह संयुक्त कलेक्टर एवं हरवंश सिंह मिरी अनुविभागीय अधिकारी दुर्ग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अश्विनी देवांगन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्ग को आमंत्रण पत्र की छपाई एवं वितरण का दायित्व सौंपा गया है। मुकेश रावटे संयुक्त कलेक्टर दुर्ग एवं जिला सत्कार अधिकारी को जिले में मंत्रीगण/संसदीय सचिव एवं गणमान्य अतिथियों को आमंत्रण पत्र के वितरण का कार्य सौंपा गया है। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री एम भार्गव, जिला पंचायत के सीईओ श्री अश्वनी देवांगन, सभी नगर निगम आयुक्त, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

The post राष्ट्रीय एकता के लिए दौड़ेगा दुर्ग, रन फॉर युनिटी में शामिल होंगे शहर भर के एथलीट appeared first on ShreeKanchanpath.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button