लगातार दूसरे दिन दुर्ग जिले में हत्याकांड, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का मामला
भिलाई। दुर्ग सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में बीती रात युवक की ईंट-पत्थर से बुरी तरह मार कर हत्या कर दी गई। आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। आधा रात को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ युवक को अस्पताल पहुंचाया लेकिन उससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कुछ अन्य संदेहियों को भी हिरासत में लिया है। फिलहाल पूछताछ जारी है।
एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि रात लगभग 12:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि चंडी मंदिर के पास कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। एक युवक गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी 34 वर्षीय दादू देसमाने के रूप में हुई है। युवक सेंटरिंग का काम करता था। इस मामले में पुलिस ने आधीरात को विवेचना शुरू कर कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है।
एएसपी झा ने बताया कि संदेहियों में तीन नामजद हैं और अन्य संदेहियां से पूछताछ जारी है। मृतक दादू देसमाने की पत्नी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से एक के भाई की कुछ माह पहले मौत हो गई थी। इस मामले में आरोपी मृतक को ही कारण मान रहा था। इसके कारण ही इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। एएसपी झा ने बताया कि मृतक पर पूर्व में हत्या सहित कई मामले में थाना कोतवाली में दर्ज है। मृतक आदतन आपराधी किस्म का था। फिलहाल इस मामले में संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
The post Breaking News : दुर्ग में युवक की हत्या, आपसी विवाद के बाद ईंट पत्थर से वार… हिरासत में आरोपी appeared first on ShreeKanchanpath.