गाजीपुर। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या ने सनसनी फैला दी है। पति-पत्नी व पुत्र की अज्ञात बदमाशों ने आधीरात को गला रेत दिया और फरार हो गए। घटना उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की है। यहां के नंदगंज थाना क्षेत्र के खिलवा कुसम्ही कला गांव में रविवार की रात को यह दर्दनाक कांड हुआ। हत्या की घटना ने सारे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और जांच में जुट गई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार खिलवा गांव निवासी मुंशी बिंद (45), उसकी पत्नी देवंती (40) और उनका बड़ा बेटा रामशीष (20) रविवार की रात को खाना खाने के बाद सो रहे थे। पति-पत्नी घर के बाहर और बेटा अंदर सो रहा था। इनका एक और बेटा आशीष गांव के बाहर आर्केस्ट्रा को देखने चला गया था। आधी रात के बाद करीब 2 बजे अशीष जब घर लौटा तो देखा कि बाहर सो रहे माता पिता लहूलुहान मृत पड़े हैं। इसके बाद शोर मचाते हुए घर में सो रहे बड़े भाई को जगाने गया तो उसे भी मृत देख उसके होश उड़ गए।
इसके बाद वह बुरी तरह चीखने लगा। चीख- पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। खून से लथपथ शवों को देख लोगों के होश उड़ गए। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। जानकारी होते ही कुछ देर बाद एसपी सहित पुलिस की टीम व फोरेंसिक टीम पहुंची और जांच शुरू की है। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। घटना से सहमे लोग भय के आगोश में हैं। लोग डर के कारण घर से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं। पुलिस भी हैरान है कि एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या किस वजह से की गई है। बहरहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंच जाएंगे और इसके बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
The post एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, आधी रात गला रेत कर फरार हुए बदमाश… जांच में जुटी पुलिस appeared first on ShreeKanchanpath.