छत्तीसगढ़

फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों का समाधान ऐप अथवा संबंधित थाने में कराएं पंजीयन, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल दें सूचना*

*गुड़ फैक्ट्री संचालकों की बैठक लेकर पुलिस ने दिए सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता के निर्देश*

*फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों का समाधान ऐप अथवा संबंधित थाने में कराएं पंजीयन, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल दें सूचना*

कवर्धा,  नवंबर 2026। पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना कवर्धा में कबीरधाम जिले के गुड़ फैक्ट्री संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री आरपी आचला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार ने फैक्ट्री संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, मजदूरों का पंजीयन कराने तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल, एसडीओपी श्री आशीष शुक्ला, निरीक्षक श्री लालजी सिन्हा, श्री नितिन तिवारी, श्री उमाशंकर राठौर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जिले के गुड़ फैक्ट्री संचालक उपस्थित रहे।

*मजदूरों का पंजीयन अनिवार्य रूप से कराएं*

बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार ने फैक्ट्री संचालकों को बताया कि गुड़ फैक्ट्रियों में कार्य करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से मजदूर आते हैं। ऐसे में फैक्ट्री संचालक प्रत्येक मजदूर की आवश्यक जानकारी संधारित करें तथा मजदूरों का पंजीयन समाधान ऐप अथवा संबंधित थाना में अनिवार्य रूप से कराएं। उन्होंने कहा कि मजदूरों की पहचान एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध रहने से किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी। साथ ही फैक्ट्री परिसर एवं आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में भी सहयोग प्राप्त होगा।

*अनजान कॉल और साइबर ठगी से रहें सतर्क*

बैठक में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए फैक्ट्री संचालकों को अनजान कॉल, संदिग्ध फोन नंबर एवं साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के संबंध में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी स्वयं को बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी अथवा किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी बताकर लोगों को ठगी का शिकार बना सकते हैं। ऐसे किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, एटीएम कार्ड संबंधी विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल पर विश्वास करने से पहले संबंधित विभाग अथवा पुलिस से संपर्क कर उसकी सत्यता की जांच करें।

*एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें*

पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को विशेष रूप से एपीके (APK) फाइल के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी व्हाट्सऐप अथवा अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से संदिग्ध लिंक और एपीके फाइल भेजकर मोबाइल में हानिकारक ऐप इंस्टॉल करवा सकते हैं, जिससे मोबाइल की जानकारी एवं बैंक खाते से संबंधित डेटा चोरी होने का खतरा रहता है। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा मोबाइल में अनजान ऐप को आवश्यक अनुमति प्रदान न करें।

*संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की तत्काल दें सूचना*

अधिकारियों ने फैक्ट्री संचालकों से कहा कि यदि फैक्ट्री परिसर अथवा आसपास कोई अनजान व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम नागरिकों एवं व्यवसाय संचालकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। समय पर सूचना मिलने से पुलिस किसी भी संभावित अपराध को रोकने तथा आवश्यक कार्रवाई करने में सक्षम होगी। बैठक के अंत में पुलिस अधिकारियों ने सभी गुड़ फैक्ट्री संचालकों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने, मजदूरों का पंजीयन सुनिश्चित करने तथा साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहते हुए अपने कर्मचारियों एवं मजदूरों को भी जागरूक करने की अपील की।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button