*प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से श्री असगर को मिला आर्थिक संबल*
*मनिहारी और चूड़ी व्यवसाय से चला रहे आजीविका, बैंक से मिला 50 हजार रुपये का ऋण*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों के लिए आर्थिक संबल बन रही है। योजना के माध्यम से पात्र पथ विक्रेताओं को ऋण सहायता उपलब्ध कराकर उनके व्यवसाय को जारी रखने और आजीविका चलाने में मदद की जा रही है। ऐसी ही कहानी कवर्धा नगर के वार्ड क्रमांक 21 निवासी मो. असगर, पिता मो. आसिम की है, जो मनिहारी एवं चूड़ी का व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
व्यवसाय के संचालन के दौरान आर्थिक संसाधनों की कमी से जूझ रहे मो. असगर को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत केनरा बैंक, कवर्धा शाखा से 50 हजार रुपये का ऋण मिला। इस राशि से उन्हें अपना छोटा व्यवसाय जारी रखने में मदद मिली। वर्तमान में वे प्रतिमाह 1,700 रुपये की किश्त जमा कर ऋण का भुगतान कर रहे हैं। उनके लिए यह सहायता आर्थिक जरूरतों को पूरा करने और अपने परिश्रम से आजीविका अर्जित करने में उपयोगी साबित हुई है।
बिना गारंटी ऋण की सुविधा
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र पथ विक्रेताओं को चरणबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है। संशोधित व्यवस्था के अनुसार प्रथम चरण में 15 हजार, द्वितीय चरण में 25 हजार और तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण प्राप्त किया जा सकता है। इस सुविधा से छोटे कारोबारियों को बिना संपत्ति गिरवी रखे और बिना गारंटी के व्यवसाय संबंधी जरूरतों के लिए पूंजी उपलब्ध होती है।
डिजिटल लेन-देन और समय पर भुगतान को प्रोत्साहन
योजना के तहत समय पर ऋण का भुगतान करने वाले पात्र हितग्राहियों को ब्याज सब्सिडी का लाभ दिया जाता है। साथ ही यूपीआई और क्यूआर कोड जैसे डिजिटल भुगतान माध्यमों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे छोटे कारोबारी सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से लेन-देन कर सकें।
शिविरों के माध्यम से दी जा रही जानकारी
नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा बैंक अधिकारियों के सहयोग से शिविर आयोजित कर पात्र पथ विक्रेताओं को योजना की जानकारी दी जा रही है। शिविरों में आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया और योजना के लाभों के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाता है। इसके साथ ही हितग्राहियों को डिजिटल साक्षरता, कौशल विकास तथा अन्य शासकीय योजनाओं से जुड़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मो. असगर जैसे छोटे कारोबारियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आर्थिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में सहयोग मिल रहा है।





