*नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ युवा संसद में युवाओं ने रखे विचार*
*मेरा युवा भारत, कवर्धा द्वारा ब्लॉक स्तरीय आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित*
*युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त समाज के निर्माण पर की चर्चा*
कवर्धा अक्टूबर 2026। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, कवर्धा द्वारा पीएम श्री सेजेस दुर्गावती चौक, कवर्धा में ब्लॉक स्तरीय आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘नशामुक्त युवा’ रही। इसमें युवाओं ने संसदीय प्रक्रिया के अनुरूप वाद-विवाद और चर्चा में भाग लेकर नशे के दुष्परिणामों, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका पर विचार रखे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी श्री एफ. आर. वर्मा, सहायक संचालक श्री एम. के. गुप्ता और पंडरिया विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री दीपक सिन्हा ने किया। अतिथियों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रयासों को गति मिल सकती है।
कार्यक्रम में पीजी कॉलेज, कवर्धा की डॉ. श्रीमती कविता कन्नौजे और समाजसेवी श्री अभिषेक मिश्रा ने रिसोर्स पर्सन के रूप में युवाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने संसदीय प्रक्रिया, तार्किक अभिव्यक्ति, संवाद कौशल और लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक श्री रोहित रजक और श्री रुद्रचरण यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर नगर पालिका परिषद, कवर्धा के अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त रहना आवश्यक है।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद श्री डोमेश सिन्हा, श्री मुकेश सेन और राष्ट्रपति पदक विजेता सुश्री रीना शर्मा की विशिष्ट उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन पीएम श्री सेजेस दुर्गावती, कवर्धा के प्राचार्य श्री गुप्ता तथा मेरा युवा भारत, कवर्धा के जिला युवा अधिकारी श्री राज पटेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
जिला युवा अधिकारी श्री राज पटेल ने बताया कि आने वाले दिनों में कबीरधाम जिले के अन्य विकासखंडों में भी आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने और सामाजिक मुद्दों पर जिम्मेदारी के साथ भागीदारी करने का अवसर मिलेगा।
मेरा युवा भारत, कवर्धा की यह पहल युवाओं में जागरूकता, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।





