*जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं कलेक्टर ने न्यायालयीन अधिकारियों-कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी के लिए प्रस्तावित स्थलों का किया निरीक्षण*
कवर्धा, अक्टूबर 2026। जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती संघ रत्ना भर्तृहरि एवं कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने कबीरधाम जिला मुख्यालय में न्यायालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय कॉलोनी निर्माण हेतु प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्थलों की स्थिति और निर्माण से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने पुराने न्यायालय भवन के समीप न्यायाधीशों की आवासीय कॉलोनी तथा जिला मुख्यालय के निकट ग्राम घोटिया में लगभग 7 एकड़ रिक्त भूमि पर न्यायालयीन कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी निर्माण के लिए प्रस्तावित स्थल का जायजा लिया। उन्होंने आवासीय कॉलोनी निर्माण से संबंधित आवश्यक पहलुओं पर अधिकारियों से चर्चा की। इस अवसर पर एसडीएम श्री चेतन साहू, लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती पूर्णिमा चंद्रा, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





