*नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को लेकर कबीरधाम पुलिस सतर्क, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना-चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित।*
*दुर्गा पंडालों में अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था एवं मां दुर्गा की प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील।*
*श्रद्धा, भक्ति और सौहार्द के साथ मनाएं नवरात्रि एवं दशहरा पर्व, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए कबीरधाम पुलिस ने की नागरिकों से अपील।*
आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को श्रद्धा, भक्ति, उत्साह एवं आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में कबीरधाम जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं।
इसी क्रम पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह की दिशा निर्देश में थाना कुंण्डा में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री अमित कश्यप द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई जिसमें मुख्य रूप से नायब तहसीलदार सुश्री नेहा उइके एवं बैठक में दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। बैठक में आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने, आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की गई।
दुर्गा पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर पंडालों की व्यवस्था, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा मां दुर्गा की प्रतिमा की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए गए।
*दुर्गा पंडालों में सुरक्षा एवं सुविधाओं का रखें विशेष ध्यान*
दुर्गा पूजा समितियों से अपील की गई कि पंडालों में विद्युत व्यवस्था सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखें। बिजली के तारों एवं कनेक्शनों की जांच कराएं तथा आवश्यकतानुसार योग्य इलेक्ट्रिशियन की सहायता लें। पंडाल में अग्निशमन यंत्र, रेत से भरी बाल्टियां एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखें। दीपक, दीये एवं अन्य पूजा सामग्री का उपयोग करते समय आसपास की सजावट एवं कपड़ों की सुरक्षा का ध्यान रखें, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
पंडाल की स्थापना इस प्रकार की जाए कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में सुविधा मिले और आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न न हो। सड़क एवं सार्वजनिक मार्गों पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पंडाल के स्थान तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता उपलब्ध रखने के साथ पंडाल में प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था करने की अपील की गई।
*मां दुर्गा की प्रतिमा एवं पंडाल की सुरक्षा में समितियों का सहयोग महत्वपूर्ण*
दुर्गा पूजा समितियों से मां दुर्गा की प्रतिमा एवं पंडाल की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध करने की अपील की गई। विशेष रूप से रात्रि के समय पंडाल की निगरानी के लिए समिति के किसी जिम्मेदार सदस्य की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सदस्यों की आपसी सहमति से रात्रिकालीन ड्यूटी निर्धारित करने का सुझाव दिया गया। पंडाल में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने एवं सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध होने पर उनका उपयोग करने की बात कही गई, जिससे प्रतिमा एवं पूजा सामग्री की सुरक्षा में सहायता मिल सके।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुविधा का ध्यान रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित थाना या चौकी को देने की अपील की गई।
*धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील*
बैठकों में धार्मिक आयोजनों के दौरान सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं एवं परंपराओं का सम्मान करने तथा आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई। दुर्गा पूजा एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं समय-सीमा के अनुरूप करने तथा जुलूस के निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने के संबंध में भी चर्चा की गई।
सोशल मीडिया पर पर्व से संबंधित सकारात्मक संदेशों एवं शुभकामनाओं को प्रोत्साहित करने तथा किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा करने से बचने की अपील की गई। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
*कबीरधाम पुलिस की “अपील”*
पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हेमसागर सिदार एवं श्री अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजकों एवं नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
कबीरधाम पुलिस समस्त नागरिकों एवं दुर्गा पूजा समितियों से अपील करती है कि नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को श्रद्धा, भक्ति, उत्साह एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। सुरक्षा एवं व्यवस्था से संबंधित आवश्यक सावधानियां बरतें तथा पुलिस एवं प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें।
कबीरधाम पुलिस सभी श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी के सहयोग से नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को सुखद एवं सुरक्षित बनाया जा सकता है।





