कभी-कभी साधारण दाल-रोटी के साथ बस एक चटनी पूरी थाली का स्वाद बदल देती है, अगर आपको तीखा और देसी स्वाद पसंद है तो राजस्थानी लहसुन लाल मिर्च की चटनी जरूर पसंद आएगी. इस चटनी की खासियत सिर्फ इसके मसाले नहीं बल्कि इसे बनाने का पारंपरिक तरीका भी है. इसे मिक्सी में महीन पीसने के बजाय सिलबट्टे या पत्थर के कूटने वाले बर्तन में कूटा जाता है.
इससे चटनी थोड़ी दरदरी रहती है और लहसुन, मिर्च व मसालों का स्वाद अच्छी तरह महसूस होता है. इसे बाजरे की रोटी के साथ परोसा जा सकता है. चाहें तो चटनी को पकाकर कुछ समय के लिए स्टोर भी कर सकते हैं.
राजस्थानी लहसुन लाल मिर्च की चटनी में क्या लगेगा
इस चटनी के लिए 10 से 12 कश्मीरी सूखी लाल मिर्च, आधा कप छिला हुआ लहसुन, करीब एक कप छाछ, आधा चम्मच जीरा, नमक, थोड़ा हरा धनिया और आधा चम्मच आमचूर पाउडर चाहिए. पकाने के लिए करीब 3 चम्मच सरसों का तेल, एक चौथाई चम्मच जीरा और आधा चम्मच हींग इस्तेमाल की जा सकती है. कश्मीरी लाल मिर्च इस्तेमाल करने से चटनी का रंग अच्छा आता है और इसकी तीखापन दूसरी कई सूखी लाल मिर्च की तुलना में हल्की हो सकती है, अगर आपको ज्यादा तीखा स्वाद पसंद है तो मिर्च का चुनाव अपनी पसंद के अनुसार कर सकते हैं.
मिर्च को छाछ में भिगोना है जरूरी
सबसे पहले सूखी लाल मिर्च को छाछ में करीब एक घंटे के लिए भिगोकर रख दें. इससे मिर्च नरम हो जाएगी और उसे कूटना आसान रहेगा. समय हो तो मिर्च को ज्यादा देर भी भिगोया जा सकता है. भिगोने के बाद मिर्च को छाछ से निकाल लें. अब सिलबट्टा या पत्थर का कूटने वाला बर्तन लें. इसमें भीगी हुई लाल मिर्च डालें. आधा चम्मच जीरा और थोड़ा नमक मिलाकर मिर्च को कूटना शुरू करें. इसे पूरी तरह महीन पेस्ट बनाने की जरूरत नहीं है. दरदरी बनावट इस चटनी की खासियत मानी जाती है.
लहसुन मिलाकर तैयार करें चटनी
जब मिर्च अच्छी तरह कुट जाए तो इसमें छिला हुआ लहसुन डालें. अब दोनों चीजों को साथ में कूटें. आप अपनी पसंद के हिसाब से चटनी को थोड़ा मोटा या ज्यादा बारीक रख सकते हैं, अगर आपको लहसुन का स्वाद ज्यादा पसंद है तो इसे थोड़ा दरदरा रखना अच्छा लगेगा. इसके बाद इसमें बारीक कटा हरा धनिया और स्वादानुसार नमक मिला दें. हालांकि अगर चटनी को ज्यादा समय तक स्टोर करने का इरादा है तो हरा धनिया बाद में डालना बेहतर रहेगा. ताजा धनिया मिलाने से चटनी जल्दी खराब हो सकती है.लंबे समय तक रखना है तो ऐसे पकाएं
चटनी को तुरंत खाना है तो इसे कूटने के बाद सीधे परोसा जा सकता है, लेकिन अगर इसे कुछ समय के लिए रखना चाहते हैं तो पकाकर तैयार करना सुविधाजनक रहेगा. इसके लिए पैन में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर जीरा और हींग डालें. अब इसमें तैयार की गई लहसुन-मिर्च की चटनी डालकर धीमी आंच पर करीब 4 से 5 मिनट पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि चटनी पैन में चिपके नहीं. जब इसकी अतिरिक्त नमी कम हो जाए और तेल अलग दिखाई देने लगे तो गैस बंद कर दें. चटनी में हल्का खट्टापन पसंद है तो आखिर में आधा चम्मच आमचूर पाउडर मिला सकते हैं. इसे अच्छी तरह मिलाकर चटनी को ठंडा होने दें. स्टोर करने के लिए साफ और सूखे एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें और इसे निकालते समय हमेशा सूखा चम्मच रखें.





