छत्तीसगढ़

पक्की छत से मिला सुरक्षा और सम्मान, नरबदिया साहू के परिवार में आया नया उजाला*

*पक्की छत से मिला सुरक्षा और सम्मान, नरबदिया साहू के परिवार में आया नया उजाला*

*सेवा संकल्प अभियान की सार्थकता बनी ग्राम दशरंगपुर की नरबदिया साहू की कहानी*

कवर्धा,  सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों के जीवन में स्थायी और सकारात्मक बदलाव लाना है। कबीरधाम जिले के जनपद पंचायत कवर्धा अंतर्गत ग्राम पंचायत दशरंगपुर निवासी श्रीमती नरबदिया साहू के जीवन में आया बदलाव इसी सेवा संकल्प की सार्थकता को दर्शाता है। पति के असमय निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाने वाली नरबदिया साहू के लिए पक्का मकान कभी एक सपना था, जो आज शासन की योजनाओं के सहयोग से हकीकत बन चुका है।
श्रीमती नरबदिया साहू के परिवार में कुल 8 सदस्य हैं। पति के निधन के बाद मजदूरी और कृषि कार्य से होने वाली सीमित आय के सहारे परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। लंबे समय तक कच्चे मकान में रहते हुए परिवार को बारिश, गर्मी और अन्य मौसम की कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे समय में परिवार के लिए सुरक्षित और पक्की छत उपलब्ध कराना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था।

प्रधानमंत्री आवास योजना ने पूरा किया पक्के घर का सपना

वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत श्रीमती नरबदिया साहू के पक्के आवास को स्वीकृति मिली। उनकी आवास आईडी सीएच-2990940 है तथा आवास निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपए की स्वीकृति राशि प्राप्त हुई। केंद्र एवं राज्य शासन से मिली आर्थिक सहायता से उन्होंने अपने परिवार के लिए पक्के मकान का निर्माण कराया। आज सर्वसुविधायुक्त एवं टाइल्सयुक्त पक्का मकान उनके परिवार को मौसम की कठिन परिस्थितियों से सुरक्षा प्रदान कर रहा है। यह मकान उनके लिए केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान का आधार बन गया है।

एक आवास से आगे बढ़कर योजनाओं का मिला अभिसरण

नरबदिया साहू के परिवार को केवल पक्के आवास का ही लाभ नहीं मिला, बल्कि विभिन्न शासकीय योजनाओं के अभिसरण से उनके जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं को भी मजबूती मिली। विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन-ग्रामीण अंतर्गत 90 दिवस के मजदूरी भुगतान से परिवार को लगभग 23 हजार रुपए का आर्थिक संबल मिला। वहीं स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के माध्यम से शौचालय की सुविधा उपलब्ध हुई, जिससे परिवार को स्वच्छता और गरिमापूर्ण जीवन का आधार मिला। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली और उपचार के लिए 5 लाख रुपए तक की स्वास्थ्य बीमा सहायता उपलब्ध है। उज्ज्वला योजना से रसोई में स्वच्छ ईंधन, सौभाग्य योजना से बिजली तथा जल जीवन मिशन के माध्यम से नल से पेयजल की सुविधा मिलने से परिवार का दैनिक जीवन और अधिक सुविधाजनक हुआ है। इसी तरह राशन कार्ड के माध्यम से परिवार के लिए खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित हुई। महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली 1,000 रुपए प्रतिमाह की सहायता राशि ने श्रीमती नरबदिया साहू को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान की है।

पक्का घर मेरे लिए नई शुरुआत है- श्रीमती नरबदिया साहू

श्रीमती नरबदिया साहू अपने अनुभव साझा करते हुए कहती हैं कि पहले कच्चे मकान में बारिश और मौसम को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। आज पक्का मकान मिलने से उनका परिवार सुरक्षित महसूस करता है। शासन की विभिन्न योजनाओं से उन्हें पक्की छत के साथ भोजन, पानी, बिजली, गैस और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का सहारा मिला है। वे कहती हैं कि मेरा पक्का घर केवल मकान नहीं है, बल्कि मेरे परिवार के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत है।”

सेवा संकल्प से बदली जिंदगी

श्रीमती नरबदिया साहू की कहानी यह बताती है कि जब शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक प्रभावी ढंग से पहुंचता है, तो योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि लोगों के जीवन में बदलाव का माध्यम बनती हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन, प्रशासन और जनभागीदारी के साथ ऐसे ही परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनके जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। नरबदिया साहू का पक्का आवास इसी संकल्प का एक जीवंत उदाहरण है, जहां एक पक्की छत ने सुरक्षा के साथ परिवार को सम्मान, स्वाभिमान और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद दी है।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button