भिलाई। दिल्ली पब्लिक स्कूल भिलाई में कार्यरत शारीरिक शिक्षिका (P. E. Teacher) एवं अंतरराष्ट्रीय जूडो रेफरी सुश्री किरण शर्मा, वर्ल्ड जूडो चैंपियनशिप वेटरन, साराजेवो, बोस्निया एवं हर्जेगोविना (यूरोप) में निर्णायक की जिम्मेदारी निभाने के लिए रवाना हो गई। छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के संयुक्त सचिव अनीस मेमन ने छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी व महासचिव शम्भू राम सोनी के हवाले से आगे बताया कि उक्त प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 24 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ से किरण शर्मा को रेफरी के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस प्रतियोगिता में वे विभिन्न देशों के जूडो खिलाड़ियों के मुकाबलों में निर्णायक के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। इसके पश्चात 25 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले स्पेशल ओलंपिक कार्यक्रम में भी उनकी सहभागिता निर्धारित है।
उन्होंने आगे बताया कि किरण शर्मा का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेफरी के रूप में चयन लिए डीपीएस भिलाई, दुर्ग जिला, छत्तीसगढ़ राज्य तथा देश के गौरव का विषय है। इससे पूर्व भी वे अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिताओं में रेफरी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं। किरण शर्मा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने पिता श्री विजय कुमार शर्मा, परिवार के सदस्यों, विद्यालय प्रबंधन, छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ तथा अपने सभी वरिष्ठों के सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा को दिया।
किरण शर्मा के कोच एवं प्रेरणास्रोत छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष श्री अरुण द्विवेदी, संघ के महासचिव श्री शम्भूराम सोनी, संयुक्त सचिव अनीस मेमन, परमजीत सिंह (भिलाई), अब्दुल मोइम, सरजीत सिंह बक्शी (बस्तर), राजकुमार जायसवाल (बिलासपुर), शेख शरीफ, विजय नाग, श्वेता यादव (दुर्ग – भिलाई), राहुल शर्मा, सूरज वर्मा (रायपुर) सहित डीपीएस भिलाई की हेडमिस्ट्रेस रगीता जुंजानी, प्रिंसिपल-इन-चार्ज अहमद जुंजानी, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ आदि ने उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि किरण शर्मा अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट रेफरिंग से भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगी। उक्त सभी ने किरण शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल दायित्व निर्वहन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
The post अंतरराष्ट्रीय जूडो रेफरी किरण शर्मा वर्ल्ड जूडो चैंपियनशिप के लिए बोस्निया रवाना appeared first on ShreeKanchanpath.


