छत्तीसगढ़

एक थाना–एक सप्ताह” पहल, अब थाना बनेगा पुलिस कप्तान का कार्यालय।*

* *

*“एक थाना–एक सप्ताह” पहल, अब थाना बनेगा पुलिस कप्तान का कार्यालय।*

*पुलिस अधीक्षक स्वयं थाने में रहकर करेंगे जनसुनवाई, पुलिसिंग की समीक्षा और कानून-व्यवस्था की निगरानी।*

*थाना सहसपुर लोहारा से अभिनव पहल की शुरुआत, प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग थाने में पहुंचेगे पुलिस अधीक्षक।*

*अगले सप्ताह थाना कुंण्डा बनेगा पुलिस कप्तान का कार्यालय।*

कबीरधाम जिला में एक अनोखी पहल देखने को मिली है, दिनांक 03.09.2026 जिले में पुलिसिंग को और अधिक जनसुलभ, संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) द्वारा अभिनव पहल “एक थाना–एक सप्ताह” की शुरुआत आज थाना सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम से की गई। इस पहल के तहत प्रत्येक सप्ताह जिले के एक थाना को एक दिन के लिए “पुलिस अधीक्षक कार्यालय” के रूप में संचालित किया जाएगा। निर्धारित दिन पुलिस अधीक्षक स्वयं थाने में दिनभर उपस्थित रहकर आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं थाना क्षेत्र के नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई करेंगे।

इस पहल का प्रमुख उद्देश्य पुलिस अधीक्षक कार्यालय को जनता के और करीब लाना तथा थाना स्तर पर ही नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। अब आम नागरिकों को अपनी समस्या लेकर जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता कम होगी और वे अपने ही थाना क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक से सीधे मिलकर अपनी बात रख सकेंगे।

*थाने में होगी सीधे जनसुनवाई*
“एक थाना–एक सप्ताह” के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना क्षेत्र के नागरिकों से सीधे मुलाकात कर उनकी शिकायतें, कानून-व्यवस्था से संबंधित विषय, पुलिस कार्रवाई, अपराध संबंधी जानकारी तथा अन्य पुलिसिंग से जुड़े मामलों को सुना जाएगा। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

*स्थानीय कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा*
पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध की स्थिति, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों, वारंटियों की तामीली, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

*थाना पुलिसिंग को बनाया जाएगा और प्रभावी*
इस पहल के माध्यम से थाना स्तर पर पुलिसिंग की गुणवत्ता को बेहतर बनाने, शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पीड़ितों की सहायता, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, यातायात व्यवस्था, नशे एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

*जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से सीधा संवाद*
पुलिस अधीक्षक थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रमुखों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन से संवाद कर क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों एवं स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेंगे। इससे पुलिस को जमीनी स्तर पर मिलने वाली सूचनाओं और नागरिकों की अपेक्षाओं को समझने में मदद मिलेगी तथा बेहतर पुलिसिंग की कार्ययोजना तैयार की जा सकेगी।

*पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं का भी होगा समाधान*
इस पहल के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाने में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के संबंध में भी सीधे संवाद किया गया। पुलिस कर्मियों की कार्य संबंधी आवश्यकताओं, विभागीय कठिनाइयों एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी लेकर उनके नियमानुसार एवं यथासंभव त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस कर्मियों का मनोबल, कार्य-संतुष्टि एवं बेहतर कार्य वातावरण प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार है। स्वस्थ एवं सकारात्मक कार्य वातावरण से पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और अधिक समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा कर सकेंगे।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा थाना सहसपुर लोहारा में पहुंचकर इस पहल का शुभारंभ किया गया। उन्होंने थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं आम नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग से संबंधित विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता, गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ लिया जाए तथा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल उद्देश्य जनता की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास बनाए रखना है।

*पुलिसिंग का नया प्रयास—जनता के द्वार तक वरिष्ठ अधिकारी*
“एक थाना–एक सप्ताह” पहल केवल जनसुनवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसके माध्यम से थाना स्तर की पुलिसिंग को मजबूत करना, स्थानीय अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था की प्रभावी निगरानी और पुलिस-जन संवाद को और बेहतर बनाना प्रमुख उद्देश्य रहेगा।

आगामी सप्ताह में जिला के थाना कुंण्डा में पुलिस अधीक्षक स्वयं थाने में उपस्थित रहेंगे। इस प्रकार प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंचकर जनसुनवाई, पुलिसिंग की समीक्षा, स्थानीय कानून-व्यवस्था की जानकारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।

कबीरधाम पुलिस कप्तान की यह अभिनव पहल “पुलिस जनता के बीच और जनता पुलिस के करीब” की भावना को मजबूत करेगी। इससे न केवल नागरिकों को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा, बल्कि थाना स्तर पर समस्याओं के समाधान, अपराध नियंत्रण, पुलिस कर्मियों के बेहतर कार्य वातावरण और प्रभावी कानून-व्यवस्था की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button