*19 अगस्त को जिला स्तरीय रोजगार मेला, नियोजकों से 13 अगस्त तक मांगपत्र आमंत्रित*
कवर्धा, अगस्त 2026। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कबीरधाम द्वारा 19 अगस्त 2026 (बुधवार) को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के निजी प्रतिष्ठानों एवं संस्थाओं से रिक्त पदों के लिए मांगपत्र आमंत्रित किए गए हैं। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र (काली माता मंदिर के पास, ठाकुर पारा, कवर्धा) के अनुसार स्कूल, हॉस्पिटल, कम्प्यूटर, बीमा, माइक्रो फाइनेंस, सेल्स, फैब्रिकेशन, सिक्योरिटी सहित अन्य निजी क्षेत्रों के ऐसे संस्थान, जो तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती करना चाहते हैं, वे अपनी रिक्तियों का विवरण 13 अगस्त 2026 तक विभागीय वेब पोर्टल अथवा जिला रोजगार कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।
नियोजकों को मांगपत्र के साथ संस्था का नाम एवं पूरा पता, मोबाइल नंबर, पंजीयन क्रमांक/जीएसटी नंबर/पैन नंबर, ई-मेल आईडी, संपर्क व्यक्ति का नाम, पदनाम एवं मोबाइल नंबर, रिक्त पदों की संख्या, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, वेतन एवं भत्ते, कार्यक्षेत्र तथा अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध करानी होगी। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र ने बताया कि प्राप्त मांगपत्रों के आधार पर कार्यालय में पंजीकृत अभ्यर्थियों को सूचित कर रोजगार मेले में साक्षात्कार एवं चयन की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक नियोजक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कबीरधाम के दूरभाष क्रमांक 07741-299344 पर संपर्क कर सकते हैं।





