Blog

युवा नशे से मुक्त रहेंगे तो देश और समाज भी सशक्त एवं स्वस्थ बनेगा- मंत्री गजेन्द्र यादव

रूंगटा डेंटल कॉलेज भिलाई में किया गया जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

भिलाई। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राष्ट्रीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम रूंगटा डेंटल कॉलेज, सुपेला, भिलाई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव थे। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के अधिक से अधिक शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, औद्योगिक संगठनों तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं को अभियान से जोड़ते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी का आंदोलन बनाना है, ताकि अधिक से अधिक युवा नशामुक्त भारत के संकल्प से जुड़ सकें। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने विकसित भारत के निर्माण के लिए नशे से दूर रहने का सामूहिक संकल्प दिलाया।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देश की लगभग 29 करोड़ जनता को संबोधित किया। नशा भले ही छोटा शब्द है, लेकिन यह अनेक लोगों का जीवन बर्बाद कर देता है। एक बार नशे की लत लग जाने के बाद उसे छोड़ना कठिन हो जाता है और व्यक्ति का जीवन धीरे-धीरे असंतुलित होने लगता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे नशे से दूर रहें और नशे का सेवन न करने का दृढ़ संकल्प लें। साथ ही यह भी संकल्प करें कि न तो वे स्वयं नशा करेंगे और न ही दूसरों को इसके सेवन के लिए प्रेरित होने देंगे। उन्होंने कहा कि नशे के कई प्रकार हैं और अत्यधिक मोबाइल का उपयोग भी एक प्रकार की लत है। युवा यदि नशे से मुक्त रहेंगे तो समाज और देश भी सशक्त एवं स्वस्थ बनेगा। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं एवं प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि आज इस महाअभियान की शुरुआत हो रही है। भारत युवाओं का देश है और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के समक्ष एक गंभीर चुनौती है। नशे के कारण अनेक प्रकार की अप्रिय घटनाएं घटित होती हैं। युवाओं को नशे के जाल में फंसने के बजाय अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को सतत रूप से संचालित किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं नशा नहीं करेंगे और अपने आसपास के लोगों, दोस्तों तथा पड़ोसियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।

कलेक्टर ने बताया कि जिले में नशामुक्ति के लिए केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने एवं परामर्श उपलब्ध कराने के लिए आउटरीच ड्रॉप-इन सेंटर का संचालन किया जा रहा है। इसके माध्यम से अब तक लगभग 2625 लोगों का उपचार किया जा चुका है, जिनमें से 736 लोग नशामुक्त हो चुके हैं। जिले में स्कूलों, कॉलेजों एवं मोहल्लों में नुक्कड़ नाटक, पाम्पलेट वितरण तथा विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से निरंतर नशामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस अवसर पर एएसपी शोभराज अग्रवाल, चेयरमेन संजय रूंगटा, डायरेक्टर डॉ.साकेत रूंगटा, कार्तिक कृष्णा, अभिषेक सुराना, प्रजापति ब्रम्हकुमारी दीदी, एसडीएम दुर्ग प्रफुल्ल गुप्ता, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक एपी गौतम सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

The post युवा नशे से मुक्त रहेंगे तो देश और समाज भी सशक्त एवं स्वस्थ बनेगा- मंत्री गजेन्द्र यादव appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button