ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जान गंवाने वाले छह जवानों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल पर दर्ज किए जाने के बाद, कांग्रेस ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है.
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एक्स पर एक पोस्ट में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर संसद में दिए गए राजनाथ सिंह के भाषण का एक वीडियो क्लिप शेयर किया.
उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत की जवाबी कार्रवाई को लेकर ‘संसद को गुमराह’ किया गया.
बीते साल 22 अप्रैल को पहलगाम में एक चरमपंथी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद मई 2025 में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ चार दिन तक सैन्य अभियान चला था.इन छह सैनिकों में पांच आर्मी के जवान हैं जबकि एक इंडियन एयरफ़ोर्स का सैनिक है.
यह पहली बार है जब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान मारे गए भारतीय सैनिकों के नामों को सार्वजनिक किया गया है.
इन जवानों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट पर मौजूद ‘रोल ऑफ़ ऑनर’ में भी प्रकाशित किए गए हैं.
1. सूबेदार मेजर पवन कुमार, हेडक्वार्टर 10 इन्फैंट्री ब्रिगेड, मृत्यु- 10 मई 2025
2. राइफ़लमैन सुनील कुमार (वीर चक्र), 4 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री, मृत्यु- 10 मई 2025
3. लांस नायक दिनेश कुमार, 5 फील्ड रेजिमेंट, मृत्यु- 7 मई 2025
4. एवी मूड मुरलीनाइक, एविएशन टेक्नीशियन, 851 लाइट रेजिमेंट, मृत्यु- 9 मई 2025
5. हवलदार सुनील कुमार सिंह, 237 फ़ील्ड वर्कशॉप कंपनी, मृत्यु- 6 जून 2025
6. सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (वायु सेना मेडल), 39 विंग, मृत्यु- 10 मई 2025





