देश दुनिया

24 साल में पहली बार मां अन्नपूर्णा का अन्न क्षेत्र बंद, डीएम ने भिजवाए 20 सिलिंडर

गैस सिलिंडर की किल्लत के चलते 24 साल में पहली बार मां अन्नपूर्णा का अन्न क्षेत्र बंद हो गया है। यहां रोजाना करीब 25 हजार से अधिक भक्तों को भोजन कराया जाता था। जानकारी होने पर देर शाम प्रशासन की ओर से 20 सिलिंडर भेज दिए गए। दूसरी ओर बीएचयू के एलडी गेस्ट हाउस में सिर्फ रविवार तक के लिए भोजन बनाने का गैस बचा हुआ था मगर स्टॉक खत्म होने से 24 घंटे पहले ही एलपीजी गैस की पाइपलाइन गेस्ट हाउस के किचन में जोड़ दी गई। रविंद्रपुरी, अस्सी, लंका, कबीरनगर, गोदौलिया समेत अन्य क्षेत्रों में 70 फीसदी से अधिक स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने सिलिंडर न मिलने के कारण काम बंद कर दिया।अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकरपुरी ने बताया कि गैस सिलिंडर जिस एजेंसी से मिल रहे थे। वहां से अब नहीं मिल पा रहे हैं। रविवार की दोपहर तक स्टॉक खत्म हो गया तो सुबह कुछ भक्तों को प्रसाद मिला लेकिन दोपहर में रसोई को बंद कर दिया गया। बताया कि अब लकड़ी, कोयला और डीजल भट्ठी का प्रबंध करेंगे। यदि लंबे समय तक गैस नहीं मिलेगी तो इन्हीं सब प्रबंधों के सहारे रसोई चलाई जाएगी। डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जानकारी होने पर 20 सिलिंडर अन्न क्षेत्र को भेज दिए गए हैं। अन्नपूर्णा मंदिर प्रबंधन ने कहा गया है कि अन्न क्षेत्र बंद न करें। सिलिंडर की कमी नहीं होने दी जाएगी।वहीं, दूसरी ओर बीएचयू के एलडी गेस्ट हाउस में गैस सिलिंडर का स्टॉक रविवार को खत्म हो रहा था। सप्ताह भर पहले कॉमर्शियल सिलिंडर पर रोक लगने के बाद बीएचयू के गेस्ट हाउस को भी आपूर्ति बंद कर दी गई थी। तब सिर्फ छह ही सिलिंडर थे। तीन सिलिंडर से भोजन बन रहा था और बाकी तीन स्टॉक में थे। अब वो तीनों भी रविवार को खत्म होने थे। एलडी में ही यूनिवर्सिटी गेस्ट हाउस का भी खाना बनता है। दोनों में कुल 180 से ज्यादा मेहमान हर दिन रुकते हैं। एलडी गेस्ट हाउस में छह महीने पहले ही गैस पाइपलाइन की एक लाख रुपये की सिक्योरिटी मनी जमा थी लेकिन अभी तक कनेक्शन शुरू नहीं किया गया था। मगर स्थिति बिगड़ने के बाद गेस्ट हाउस के अधिकारियों द्वारा गैस पाइप लाइन जोड़ने की कवायद तेज कर दी गई। प्रो. राकेश सिंह, प्रोफेसर इन-चार्ज एलडी गेस्ट हाउस ने बताया कि गैस की पाइपलाइन लगा दी गई है। रविवार तक यह चालू हो सकता है। यहां पर रुके हुए मेहमानों को भोजन की कोई दिक्कत नहीं आएगी। फिलहाल बीएचयू में हर साल आठ लाख रुपये का गैस खर्च होता है, पाइप लाइन लगने से इसमें पांच लाख रुपये की बचत होगी।

सिलिंडर नहीं मिला, सब्सिडी मिल गई
कलेक्ट्री फार्म निवासी वेद प्रकाश मिश्रा का सुंदरपुर की एचपी रोहिणी गैस एजेंसी में कनेक्शन है। उन्होंने 17 फरवरी को गैस की बुकिंग की और उन्हें 19 फरवरी को सिलिंडर की डिलीवरी का मेसेज मिल गया लेकिन सिलिंडर नहीं मिला। कई बार फोन करने के बाद उन्हें 26 फरवरी को सिलिंडर मिला। लेकिन इसी दिन उनके नंबर पर एक ओर ओटीपी आया और उन्होंने वह डिलीवरी मैन को बता दिया तो उन्हें सिलिंडर तो दूसरी बुकिंग का नहीं मिला लेकिन सब्सिडी मिल गई। वह बार-बार शिकायत कर रहे हैं लेकिन एजेंसी सुनवाई नहीं कर रही है।अस्सी घाट, गोदौलिया, लंका, रविंद्रपुरी समेत अन्य जगहों पर 70 फीसदी फूड स्टॉल बंद
रविंद्रपुरी, अस्सी, लंका, कबीरनगर, गोदौलिया समेत अन्य क्षेत्रों में 70 फीसदी से अधिक स्ट्रीट फूड वेंडर्स ने सिलिंडर न मिलने के कारण काम बंद कर दिया। अस्सी घाट पर मैगी-चाय की दुकान लगाने वाले प्रभु साहनी ने बताया कि उनके पास गैस सिलिंडर नहीं है। जिसके कारण दुकान 3 दिनों से बंद है। वहीं घाट पर दुकान लगाने वाले अन्य लोगों ने बताया कि गैस इतनी महंगी हो गई है कि 50 की मैगी अब 60-70 रुपये में बेचनी पड़ रही है। अगले कुछ दिनों में यह भी नहीं मिल पाएगी। रविंद्रपुरी में सबसे अधिक फूड स्टॉल लगते हैं। यहां भी बंद हो गए हैं, पिज्जा का स्टॉल लगाने वाले राकेश शर्मा ने बताया कि गैस सिलिंडर मिल नहीं रहा है और उसके बिना काम नहीं चल सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति ठप होने से हाइवे पर स्थित रेस्टोरेंट व ढाबा अब चूल्हे पर आ गए हैं। यही नहीं, परिषद विद्यालय पर भी अब चूल्हे पर खाना बनने लगे हैं।

चांदपुर, मंडुवाड़ीह में बंद हो गई नाश्ते की दुकानें
चांदपुर चौराहा पर नाश्ते की तीन दुकान बंद हो गई हैं। जो खुली हैं वहां समोसा गायब है। दुकानदारों ने बताया कि समोसे को पकाने में काफी समय लगने से ईंधन की खपत बढ़ गई है। गैस की आपूर्ति नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है। चांदपुर चौराहे पर स्थित धीरू पटेल प्रीति मिष्ठान्न भंडार भट्टी बनाकर जलेबी-पकौड़ी बेच रहे हैं। मंडुवाड़ीह चौराहे पर कचौड़ी की दुकान जो बलराम गुप्ता की गैस के अभाव में बंद है। गैस न मिलने से मंडुवाडीह तरह की पाल लस्सी भंडार दुकान बंद हो गई। आकाशवाणी चौराहे पर मिठाई की दुकानों से कई आइटम गायब हो गए हैं।केरला कैफे समेत कई बड़े रेस्टोरेंट लगभग बंदी की कगार पर
भेलूपुर में केरला कैफे पर शनिवार को सिर्फ इडली मिल रही थी। बाकी ग्राहकों को वापस किया जा रहा था। सामान्य दिनों में यहां ग्राहकों को करीब आधे घंटे से भी अधिक समय तक इंतजार करना पड़ता है। शनिवार को यहां ग्राहकों को सिर्फ इडली मिल रही थी। मैनेजर ने बताया कि सामान्य दिनों में उनके पास 60 मीनू रहते हैं लेकिन अभी गैस की किल्लत के चलते ऐसा करना पड़ रहा है। भेलूपुर क्षेत्र में ही एक और नामचीन रेस्टोरेंट ने शनिवार से तवा रोटी बंद कर दी है और इसके साथ ही सब्जियों में विकल्प कम कर दिए हैं। यही हाल पूरे शहर में रेस्टोरेंटों का है।बोले राज्यमंत्री… आज से शहर के सभी 8 जोन में विशेष कैंप लगाकर दिए जाएंगे घर-घर कनेक्शन
प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में गेल के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने घर-घर दिए जाने वाले गैस कनेक्शन कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने रविवार से शहर के सभी 8 जोनल कार्यालयों पर विशेष कैम्प लगाकर घर-घर कनेक्शन दिए जाने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने बताया कि घर-घर में गेल द्वारा रसोई गैस कनेक्शन दिया जा रहा है। आवेदन करने पर एक सप्ताह के अंदर कनेक्शन लगा दिया जाएगा। अब तक 68,196 हाउस में 1,22,946 कनेक्शन हो गए हैं। शहरी क्षेत्र में भी 80 फीसदी क्षेत्र कवर किया जा चुका हैं।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button