Blog

रायपुर में खुला अंतरिक्ष केंद्र : एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला व मुख्यमंत्री साय ने किया उद्घाटन

अंतरिक्ष केंद्र में बच्चे सीखेंगे सैटेलाइट बनाने से लेकर कंट्रोल सेंटर की बारीकियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राखी में प्रदेश के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ हुआ है। भारत के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरिक्ष केंद्र का उद्घाटन किया है। इस मौके पर अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने बच्चों से बातचीत की और अंतरिक्ष से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। छात्रों में उन्हें देखने और सुनने को लेकर खास उत्साह नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह अंतरिक्ष केंद्र छत्तीसगढ़ के बच्चों के लिए नए सपनों का रास्ता खोलेगा। उन्होंने कहा कि अब राज्य के विद्यार्थी भी अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक को पास से समझ सकेंगे और इस क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे। नवा रायपुर में बना यह अंतरिक्ष केंद्र आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यहां बच्चों को सैटेलाइट बनाना, उसकी जांच करना और उसे ट्रैक करना सिखाया जाएगा। इसके लिए लैब, ग्राउंड स्टेशन और कंट्रोल सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत से उम्मीदें : शुभांशु शुक्ला
शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत की वैश्विक स्थिति को लेकर कहा कि स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत को दुनिया बेहद सम्मान की नजर से देखती है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश से बड़ी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। उनके अनुसार, वैश्विक समुदाय इस बात को समझता है कि भारत के पास मजबूत तकनीकी क्षमता है और देश ने जिस तरह की दीर्घकालिक स्पेस पॉलिसी तैयार की है, वह भारत को एक उभरती हुई अंतरिक्ष शक्ति के रूप में स्थापित कर रही है।

मानव मिशन पर भी की बात
भारत के प्रस्तावित बिना मानव वाले मिशन को लेकर बात करते हुए शुभांशु शुक्ला ने कहा कि मानव अंतरिक्ष मिशन सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने बताया कि किसी भी व्यक्ति को अंतरिक्ष में भेजने से पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी होता है कि सभी सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित और भरोसेमंद हों। सैटेलाइट मिशन की तुलना में मानव मिशन में जीवन रक्षक प्रणालियों जैसे ऑक्सीजन, कार्बन डाइऑक्साइड नियंत्रण, तापमान और आद्र्रता को संतुलित रखना बेहद अहम होता है।

The post रायपुर में खुला अंतरिक्ष केंद्र : एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला व मुख्यमंत्री साय ने किया उद्घाटन appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button