Blog

झाड़-फूंक व पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी, यूपी का ठग जोड़ा भिलाई में गिरफ्तार

भिलाई। छावनी थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी को झाड़फूंक के नाम पर ठगने वाले ठग पुरुष व महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों ने व्यवसायी की मां की तबीयत ठीक करने के लिए तंत्र-मंत्र करने की बात कही। व्यवसायी को झांसे में लेकर 6 तोला सोने की चूडियां और 8 लाख रुपए नगदी लेकर फरार हो गए। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 लाख रुपए नगद, मोबाइल फोन एवं कीपैड फोन जब्त किया है।

दरअसल इस मामले में संजय अठवानी निवासी सिंधी कॉलोनी स्टेशन रोड दुर्ग द्वारा थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। संजय अठवानी ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों पूर्व दो अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान पर साइकिल देखने के बहाने आए थे, जिन्होंने उसका मोबाइल नंबर लिया तथा स्वयं का नाम “राजू” बताया। कुछ दिनों बाद उक्त व्यक्ति द्वारा प्रार्थी से लगातार फोन पर संपर्क कर उसकी मां की तबीयत खराब रहने की जानकारी लेकर झाड़-फूंक एवं पूजा-पाठ से इलाज कराने का झांसा दिया गया।

इसके बाद 16 जनवरी 2026 को दोनों ने संजय को पावर हाउस फल मार्केट के पास बुलाकर एक महिला के साथ मिलकर देवी पूजा के नाम पर नारियल एवं 1100 रुपए लिए गए। मां के पूर्णतः स्वस्थ होने का विश्वास दिलाया गया। इसके पश्चात दोनों ने प्रार्थी को अपनी मां के सोने के आभूषण एवं नगद राशि मंदिर में रखने कहा गया।  20 जनवरी 2026 को भिलाई पावर हाउस के पास बुलाकर चार नग सोने के कंगन कुल वजन लगभग 60 ग्राम एवं नगद 8 लाख रुपए लिए और फरार हो गए ।

इसके बाद प्रार्थी ने दोनों ने संपर्क करना चाहा लेकिन उनसे संपर्क नहीं हुआ। मामले की शिकायत के बाद छावनी पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर सूचना तंत्र सुदृढ़ किया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य माध्यमों से आरोपियों की पतासाजी की। जल्द ही पुलिस को सफलता मिली। पुलिस ने इस मामले में बाबूलाल निवासी थाना श्रीरामपुर, जिला चित्रकूट (उ.प्र.)  तथा गीता राय निवासी जिला हाथरस (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र एवं अंधविश्वास के नाम पर किसी भी प्रकार के झांसे में न आएं तथा इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

The post झाड़-फूंक व पूजा-पाठ के नाम पर लाखों की ठगी, यूपी का ठग जोड़ा भिलाई में गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button