देश दुनिया

छत्तीसगढ़ में ठंड ने फिर बढ़ाई कंपकंपी! अंबिकापुर में 4.8 डिग्री पहुंचा पारा, अगले 3 दिन शीतलहर और कोहरे का अलर्ट

रायपुर दो दिन की राहत के बाद छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौट आई है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। सरगुजा संभाग में ठंड का असर सबसे अधिक देखा जा रहा है, जहां अंबिकापुर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पेंड्रारोड में पारा 6.8 डिग्री तक पहुंच गया।

CG Weather Update: सरगुजा-बिलासपुर संभाग में ठंड का ज्यादा असर

प्रदेशभर में मौसम ने करवट ले ली है। रात के तापमान में गिरावट के साथ सुबह और शाम कोहरे और सर्द हवाओं ने सरगुजा और बिलासपुर संभाग में ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।

5 से 7 जनवरी तक अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 5 से 7 जनवरी के बीच प्रदेश के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाने और शीतलहर चलने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।

तापमान का हाल

सोमवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा।   ने उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में घने कोहरे और उत्तर-मध्य हिस्सों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

न्यायधानी में बढ़ी ठिठुरन

न्यायधानी क्षेत्र में भी ठंड अचानक बढ़ी है। रविवार की तुलना में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री से गिरकर 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात में चली सर्द हवाओं के कारण ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया। सुबह हल्के से मध्यम कोहरे के कारण दृश्यता कम रही, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई।

पेंड्रारोड में कड़ाके की ठंड

पहाड़ी इलाका होने के कारण पेंड्रारोड में ठंड सबसे ज्यादा असर दिखा रही है। यहां सुबह और रात के समय घना कोहरा छा रहा है। लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं, वहीं जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।

कोहरे और ठंड से बचाव की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। ठंड से बचाव के लिए ऊनी कपड़े पहनने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।

 

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button