Blog

धान परिवहन में हेराफेरी, कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, महासमुंद में 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर

महासमुंद। जिले में समर्थन मूल्य में धान खरीदी सतत रूप से जारी है, वहीं धान खरीदी में अनियमितता करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ एफ आई आर का प्रकरण दर्ज किया गया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में सर्वाधिक धान जप्त के प्रकरण बनाए गए हैं। गत 20 दिसंबर को सरायपाली अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र सिंगबहाल में धान परिवहन के संबंध में अनियमितता पाई गई जिसके विरुद्ध एफ आई आर दर्ज किया गया है।

खाद्य अधिकारी अजय यादव ने बताया कि 20 दिसम्बर को शाम करीब 6 बजे सिंगबहाल धान उपार्जन केंद्र में धान की हेराफेरी के संबंध में सूचना प्राप्त होने पर खाद्य निरीक्षक श्री अविनाश दुबे एवं तहसीलदार श्री श्रीधर पंडा मौके में जाकर प्रभारी बुध्दिवंत प्रधान द्वारा डीओ, डीएम राईस मिलर गेट पास एवं तौल पत्रक प्रस्तुत करने को कहा गया जिस पर बुध्दिवंत प्रधान द्वारा डीओ, डीएम राईस मिलर गेट पास एवं तौल पत्रक प्रस्तुत किया गया।

जांच करने पर डीओ में भोलेनाथ इण्डस्ट्रीज छुईपाली का 350 क्विंटल का डीओ एवं डीएम में कुल 875 बोरा धान, धान उपार्जन केंद्र सिंगबहाल से भोलेनाथ इंडस्ट्रीज छुईपाली को जारी करना पाया गया, जबकि ट्रक क्रमांक सीजी 06 एचबी 4361 में 500 बोरी धान लोड होना पाया गया। उक्त अनियमितता में बुध्दिवंत प्रधान, हेमंत साहू,  गिरजाशंकर भोई एवं आशीष अग्रवाल निवासी छुईपाली थाना सिंघोडा जिला महासमुंद (छ.ग.) की संलिप्तता पाई गई है। उक्त कृत्य शासन को हानि पहुंचाने की मंशा से होना पाया गया है।

तहसीलदार सरायपाली, खाद्य निरीक्षक सरायपाली एवं पर्यवेक्षक शाखा सरायपाली द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के अनुसार संयुक्त जांच दल के द्वारा सहकारी समिति मर्या० सिंगबहाल के धान उपार्जन केन्द्र सिंगबहाल से मिल श्री भोलेनाथ इण्डस्ट्रीज छुईपाली को जारी डीओ एवं डीएम के आधार पर ट्रक में लोड किए धान एवं उक्त से संबंधित दस्तावेजो, रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज की जांच में प्राप्त तथ्य के अनुसार बुद्धिवंत प्रधान, हेमंत साहू तथा गिरिजाशंकर भोई के द्वारा जानबूझकर तय डीएम की मात्रा से कम धान ट्रक में लोड किया गया एवं शासन को हानि पहुंचाने का कार्य किया गया है एवं इस कृत्य में श्री भोलेनाथ इंडस्ट्रीज छुईपाली के संचालक श्री आशीष अग्रवाल सक्रिय रूप से भागीदार है। उक्त अनियमितता में सम्मिलित दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है।

665 कट्टा धान जप्त एवं 50 क्विंटल रकबा समर्पण कराया गया

जिले में धान उपार्जन व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर संयुक्त टीम द्वारा लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विकासखण्ड पिथौरा अंतर्गत एसडीएम बजरंग वर्मा के नेतृत्व में टीम द्वारा ग्राम बहमनी में गोयल ट्रेडर्स के गोदाम का निरीक्षण किए जाने पर वहां 600 कट्टा धान का अवैध भंडारण पाया गया। मौके पर धान को जप्त कर लिया गया है तथा संबंधित प्रकरण में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई किए जाने हेतु मंडी सचिव को निर्देशित किया गया है। इसी प्रकार विकासखण्ड बागबाहरा अंतर्गत एसडीएम श्रीमती नमिता मारकोले के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा घुंचापाली क्षेत्र में अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए 65 कट्टा धान पकड़ा गया। इस दौरान धान परिवहन में प्रयुक्त वाहन समेत धान को जप्त कर थाना बागबाहरा के सुपुर्द किया गया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं तहसील सरायपाली अंतर्गत एसडीएम अनुपमा आनंद के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा ग्राम पुडागढ़ में निरीक्षण के दौरान एक किसान द्वारा 132 क्विंटल धान का टोकन कटाया जाना पाया गया, जबकि मौके पर किसान के घर में केवल 82 क्विंटल धान ही उपलब्ध था। पूछताछ में किसान द्वारा यह स्वीकार किया गया कि उसके पास अतिरिक्त धान उपलब्ध नहीं है। इस पर मौके पर पंचनामा तैयार कर शेष 50 क्विंटल धान का रकबा समर्पण कराया गया।

The post धान परिवहन में हेराफेरी, कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, महासमुंद में 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button