नेवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत दशहरा मंच के पास बीती रात हुआ था विवाद
भिलाई। रक्षाबंधन पर्व के एक दिन पहले शुक्रवार की रात को भिलाई में डबल मर्डर से हड़कंप मच गया। नेवई थाना क्षेत्र के तहत दशहरा मंच के पास दो युवकों में विवाद हुआ। इस दौरान एक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान बीच बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी चाकू से घोंप दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात लगभग 9:30 बजे निखिल भारती और डब्बू के बीच दशहरा मंच पर विवाद हो रहा था। इस दौरान निखिल ने डब्बू पर चाकू से हमला किया। मौके पर मौजूद गौरव नाम का युवक बीच बचाव के लिए पहुंचा तो निखिल ने उसे भी चाकू घोंप दिया। बताया जा रहा है कि इस पूरे घटना का कारण पुरानी रंजिश है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच घटना स्थल से कुछ युवक घायल डब्बू को थाने लेकर पहुंचे। डब्बू के पेट में चाकू से गंभीर चोट थी। उसे डायल 112 से जिला अस्पताल दुर्ग भेजा गया।

घटना स्थल दशहरा मंच के पीछे पुलिस को गौरव कोसरिया भी गंभीर रूप से घायल मिला। उसके पेट में भी चाकू का गहरा घाव था। उसे पुलिस वाहन से अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उपचार के दौरान डब्बू ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी निखिल पिता वेदभारती, निवासी दशहरा मैदान नेवई को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 103 बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

The post भिलाई में डबल मर्डर : आपसी रंजिश में युवक को चाकू से घोंपा, बीच बचाव करने आए दूसरे युवक को भी मारा appeared first on ShreeKanchanpath.




