नई दिल्ली। देश के रेलवे कर्मचारियों को केन्द्र सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने रेलवे कर्मचारियों के लिए इस दिवाली में 78 दिनों के बोनस का ऐलान किया है। केंद्र सरकार के इस फैसले से लाखों रेलवे कर्मचारियों को फायदा होगा। गुरुवार को केन्द्रीय केबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गुरुवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें कई बड़ी योजनाओं को मंजूरी दी गई। दिवाली से पहले जहां किसानों की आय बढ़ाने के लिए दो बड़ी योजनाओं को मंजूरी दी गई है तो वहीं रेलवे कर्मचारियों को भी बोनस देने पर सहमति जताई गई है। बैठक में लिए गए फैसलों की विस्तृत जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अलावा किसानों से जुड़ी कई योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा चेन्नई मेट्रो फेज-2 को भी मंजूरी दी गई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 11.72 लाख से अधिक रेलवे कर्मचारियों को 2028.57 करोड़ रुपये के 78 दिनों बोनस के भुगतान को मंजूरी दे दी है। यह राशि रेलवे कर्मचारियों की विभिन्न श्रेणियों जैसे ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, पर्यवेक्षक, तकनीशियन, तकनीशियन हेल्पर, ‘पॉइंट्समैन, मंत्रालयिक कर्मचारी और अन्य कर्मचारियों को दी जाएगी। कार्यकुशलता से जुड़े बोनस का भुगतान रेलवे के कार्यक्षमता में सुधार की दिशा में काम करने के लिए रेलवे कर्मचारियों को प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहन के रूप में दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे के अच्छे प्रदर्शन के लिए रेलवे कर्मचारियों के लिए 2,029 करोड़ रुपये के उत्पादकता से जुड़े बोनस को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इस ऐलान के बाद लगभग 12 लाख रेलवे कर्मचारियों को फायदा होगा।
The post रेलवे कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, दिवाली मिलेगा 78 दिनों का बोनस… केन्द्र सरकार ने किया ऐलान appeared first on ShreeKanchanpath.