Blog

स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के 3 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान, बिल्हा को मिला पहला स्थान, रायपुर और बिलासपुर को भी अवार्ड

नईदिल्ली/रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल किया है। बिल्हा नगर पालिका को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पहला स्थान मिला है। वहीं, स्वच्छ रिवर फ्रंट रैंकिंग में बिलासपुर को दूसरा और ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ छत्तीसगढ़’ श्रेणी में रायपुर नगर निगम को पहला स्थान मिला है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुरस्कार प्रदान किए। छत्तीसगढ़ की ओर से नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और विभागीय सचिव सोनमणि बोरा ने समारोह में पुरस्कार ग्रहण किया। इस उपलब्धि में नगरीय निकायों के अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और शहर के लोगों की भागीदारी को अहम माना गया है।

स्वच्छ सर्वेक्षण का यह 10वां संस्करण था। इसमें देशभर के 4751 से अधिक शहरों का 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों पर मूल्यांकन किया गया। इनमें कचरे का पृथक्करण, घर-घर कचरा संग्रहण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, स्वच्छता सुविधाएं, सीवेज प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों का कल्याण शामिल था। देशभर में 3 हजार से अधिक प्रशिक्षित मूल्यांकनकर्ताओं ने मौके पर जाकर शहरों की स्थिति जांची। पूरी प्रक्रिया डिजिटल और GPS आधारित निगरानी के जरिए की गई। इस बार सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बिल्हा ने एक बार फिर अपनी उपलब्धि दोहराई है। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा देश में पहले स्थान पर रहा। खास बात यह है कि नगर पंचायत ने लगातार दूसरे वर्ष यह उपलब्धि हासिल की है। इससे छोटे शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। बिलासपुर ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बरकरार रखी है। शहर को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन घोषित किया गया है। बिलासपुर को लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि शहर में स्वच्छता और नदी किनारे के क्षेत्रों की साफ-सफाई से जुड़े प्रयासों को दर्शाती है। राजधानी रायपुर ने भी इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है। पिछले वर्ष रायपुर को ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ के रूप में केंद्रीय मंत्री पुरस्कार मिला था। इस वर्ष शहर को छत्तीसगढ़ का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। इसके साथ ही रायपुर को राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।

The post स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के 3 शहरों को राष्ट्रीय सम्मान, बिल्हा को मिला पहला स्थान, रायपुर और बिलासपुर को भी अवार्ड appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button