विशाखापट्नम। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ मंगलवार देर रात साढ़े तीन बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। तूफान के दौरान 125 से 135 kmph की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके असर से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम, अनकापल्ली, काकीनाड़ा और कोनसीमा में भारी बारिश हो रही है। निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा देखते हुए हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। तूफान के चलते 50 ट्रेनें और विजयवाड़ा-विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर 21 फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। आंध्र प्रदेश और ओडिशा ने 4,000 साइक्लोन शेल्टर बनाए हैं। मौसम विभाग ने तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
चक्रवात अर्नब के प्रभाव से विजयवाड़ा शहर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। लोगों को सलाह दी गई है कि आंधी-तूफान के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। चक्रवात अर्नब के कारण चली तेज हवाओं से काकीनाडा जिले के कोरिंगी इलाके में कई पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। विशाखापत्तनम में आरके बीच इलाके में समुद्र की स्थिति खराब बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने लोगों के समुद्र तट पर जाने पर रोक लगा दी है। मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
ओडिशा में चक्रवात अर्नब के लगातार शक्तिशाली होने के बीच गंजाम जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। वहीं, चक्रवात अर्नब के तट से टकराने की प्रक्रिया के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के वरिष्ठ वैज्ञानिक संजीव द्विवेदी ने कहा, “तूफान के केंद्र में फिलहाल 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इनके झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है। अगले दो से तीन घंटे तक हवाओं की यह तीव्रता बनी रहेगी, जिसके बाद धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।”

पश्चिम बंगाल में भी दिख रहा असर
चक्रवात अर्नब का असर पश्चिम बंगाल में भी दिखाई दे रहा है। पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा समुद्र तट पर समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तटीय इलाकों में खराब मौसम के कारण समुद्र की स्थिति उग्र बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ में अनर्ब चक्रवात को लेकर हाई अलर्ट
छत्तीसगढ़ में अनर्ब चक्रवात को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी मध्य और उससे सटे पश्चिमी मध्य बंगाल की खाडी के ऊपर चक्रवाती तूफान अनर्ब को लेकर 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं 23 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है जबकि पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए छत्तीसगढ़ के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट व यलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ के पांच जिलों ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें कोंडागांव, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा जिला शामिल हैं। इन जिलों के अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के 23 जिलों ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें सूरजपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, महासमुंद, बेमेतरा, बलौदाबाजार, रायपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, कबीरधाम, जांजगीर चांपा, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, नारायणपुर और कोरिया जिला शामिल हैं। वहीं दुर्ग जिले के अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
The post आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवात अर्बन, 135 की रफ्तार से हवाएं, जगह-जगह पेड़ गिरे appeared first on ShreeKanchanpath.





