Blog

चक्रवात को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट : किसानों को धान की कटाई रोकने व कटी फसल सुरक्षित रखने की सलाह

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान को लेकर छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण चक्रवाती गतिविधियां बढ़ रही हैं। चक्रवाती तूफान के दौरान हवा की गति 115 से 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बस्तर संभाग के बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर सहित अन्य जिलों में भारी से भारी बारिश हो सकती है। 27 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान राजनांदगांव, बालोद, कबीरधाम सहित विभिन्न जिलों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं 28 एवं 29 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। लगातार बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।

धान की कटाई रोकने और फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह

मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। वर्तमान में धान की फसल कई स्थानों पर पकने की अवस्था में है। ऐसे में आगामी दो से चार दिनों तक धान की कटाई नहीं करने की सलाह दी गई है। जिन किसानों ने कटाई का कार्य प्रारंभ कर दिया है, उन्हें कटी हुई फसल को शीघ्र सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देशात्मक सुझाव दिए गए हैं, ताकि बारिश से फसल को नुकसान न पहुंचे। किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था करने तथा फसलों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही फसलों में कीट एवं बीमारियों के लक्षण दिखाई देने पर मौसम साफ होने के बाद आवश्यक नियंत्रण उपाय अपनाने को कहा गया है। विश्वविद्यालय ने किसानों को यह भी सलाह दी है कि जो किसान गेहूं की फसल लेना चाहते हैं, वे फिलहाल बुवाई का कार्य स्थगित रखें। इसी प्रकार रबी सीजन की फसलों की बुवाई नवंबर माह के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ करने की सलाह दी गई है।

सब्जी उत्पादकों और पशुपालकों को भी सतर्क रहने की जरूरत

मौसम आधारित कृषि सलाह में सब्जी उत्पादक किसानों को भी विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। बारिश की संभावना को देखते हुए लता वाली सब्जियों जैसे करेला, लौकी एवं अन्य कद्दूवर्गीय फसलों के लिए स्टेकिंग की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। खेतों में जलभराव रोकने के लिए उचित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा फूल एवं फल आ चुके पौधों को बांस के सहारे सुरक्षित रखने को कहा गया है। भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने तथा आवश्यकता के अनुसार मौसम साफ होने पर कीटनाशकों एवं कवकनाशकों का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। साथ ही ओलावृष्टि से संभावित नुकसान को कम करने के लिए उपलब्धता के आधार पर ओलावृष्टिरोधी जाली का उपयोग करने का सुझाव दिया गया है।

पशुपालकों को भी बारिश के दौरान पशुओं की विशेष देखभाल करने की सलाह दी गई है। पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने, उनके चरने के समय पेड़ों के नीचे आश्रय नहीं लेने देने तथा पशुओं के लिए चारे एवं स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा जारी इस कृषि सलाह का उद्देश्य संभावित प्रतिकूल मौसम के दौरान किसानों को समय रहते सतर्क करना और फसलों तथा पशुधन को होने वाले नुकसान को कम करना है। किसानों से मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है।

The post चक्रवात को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट : किसानों को धान की कटाई रोकने व कटी फसल सुरक्षित रखने की सलाह appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button