Blog

कवर्धा में मनरेगा की खुदाई के दौरान निकला मानव कंकाल, गांव में मचा हड़कंप

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के किशनगढ़ गांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत खुदाई के दौरान एक मानव कंकाल मिला। खुदाई में मानव कंकाल मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। नर कंकाल के साथ एक सड़ा-गला थैला और चप्पल भी बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार किशनगढ़ गांव में मजदूर बड़े पैमाने पर जमीन की खुदाई का कार्य कर रहे थे। काम के दौरान जैसे ही एक मजदूर ने फावड़ा चलाया, वैसे ही जमीन के नीचे से इन्सान की हड्डियां बाहर आ गईं। अचानक मानव अवशेष देखकर वहां काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया। मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही पंडरिया थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल वाले पूरे इलाके को सील कर दिया और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने नर कंकाल को फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के गांवों में भी पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हाल ही में इलाके से कोई व्यक्ति गायब तो नहीं हुआ था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कंकाल किसी पुरुष का है या महिला का। कंकाल कितना पुराना है, इसकी सटीक जानकारी भी अभी नहीं मिल पाई है। पुलिस कंकाल के पास से मिली वस्तुओं और थैले के आधार पर व्यक्ति की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

The post कवर्धा में मनरेगा की खुदाई के दौरान निकला मानव कंकाल, गांव में मचा हड़कंप appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button