भिलाई/रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड 13 स्थित मुख्य उतई मार्ग पर पिछले 15 वर्षों से अवैध रूप से दुकान बनाकर व्यवसाय करने वाले पर शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। निगम के राजस्व विभाग ने मौके पर पहुंच कर बेदखली अभियान चलाया। अभियान के दौरान शुरूआत में विरोध का सामना अवश्य करना पड़ा। बाद में नेवई पुलिस की मध्यस्थता में तीन दुकानों को खाली कराने के बाद निगम के अधिकारियों ने दुकान को ढहा दिया। इस कार्यवाही से 15 साल से बंद आम रास्ता अब शुरू होगा।
इस कार्यवाही से पहले निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने एक साल पूर्व अतिक्रमण कर व्यापार करने वाले व्यापारियों को स्वतः दुकान हटाने निर्देश दिए थे। कई बार कार्यालय बुलाकर व्यापारियों को समझाइश भी दी। इसके बाद भी चिकन कार्नर, सेलून संचालक व इलेक्ट्रिक दुकान के संचालक हठधर्मिता पर अड़े रहे। आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग प्रभारी धर्मेन्द्र मिश्रा दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होने पहले दुकान से सामान बाहर निकालने मौका दिया। इसके बाद तीनों दुकान को हटाया।
दर्जनभर से ज्यादा नोटिस
वार्ड 13 टंकी मरोदा के पार्षद विधि यादव व नागरिकों ने पिछले दो वर्षों से अवरूद्ध मार्ग को शुरू कराने आयुक्त के समक्ष ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद से निगम प्रशासन अवरूद्ध मार्ग को शुरू कराने की पहले शुरू की थी। लगभग दर्जनभर से ज्यादा नोटिस भी व्यापारियों को दिया गया था। इसके बाद भी व्यापारी बेधड़क दुकान संचालित कर रहे थे।
जल्द बनेगा सीसी रोड
मैत्री गार्डन चौक से सीधे वार्ड 13 जाने नहर किनारे से आम रास्ता बना हुआ है। निगम इस मार्ग पर सीमेंटीकरण कार्य कराया है। अतिक्रमण की वजह से मार्ग अवरूद्ध था और लगभग 50 मीटर सीमेंटीकरण कार्य पूर्ण करना बचा था। अतिक्रमण हटने से क्षेत्र के नागरिकों को कम दूरी तय कर वे सीधे मैत्री गार्डन चौक पहुंच सकते है।
The post रास्ता बंद कर किया कब्जा, नोटिस का भी असर नहीं, रिसाली में निगम ने हटाया अतिक्रमण appeared first on ShreeKanchanpath.



