नई दिल्ली:
राजेश खन्ना बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार हैं, जिनके नाम 17 लगातार हिट फिल्मों का रिकॉर्ड है. 1969 से शुरू हुआ यह दौर 1971 तक चला जब काका के नाम से मशहूर राजेश खन्ना ने अराधना जैसी 17 हिट फिल्में बॉक्स ऑफिस पर दीं और सुपरस्टार का दर्जा हासिल किया. इसी दौर में राजेश खन्ना और आशा पारेख की हिट जोड़ी वाली फिल्म भी सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसकी कामयाबी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 1970 में रिलीज हुई फिल्मों के इंटरवल में दर्शकों को रोकने के लिए राजेश खन्ना की इस सुपरहिट फिल्म का ट्रेलर चलाया जाता था.
रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म है आन मिलो सजना
1970 में रिलीज हुई रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म आन मिलो सजना राजेश खन्ना की सुपरहिट फिल्मों की लिस्ट में शुमार है, जिसकी कहानी अमीर विधवा सावित्री चौधरी (निरुपा रॉय) की है, जो अपने बेटे अनिल (विनोद खन्ना) से नाराज हैं क्योंकि वह शराबी और लुच्चा है. वह अपनी संपत्ति अनिल को नहीं देना चाहतीं. जबकि अनिल अपनी मां को मनाने के लिए एक लड़की वर्षा (आशा पारेख) को किराए पर लाता है. असल में यह गरीब लड़की दीपाली होती है, जो अनिल की मंगेतर बनकर सावित्री के पास रहती है और उनकी सेवा करती है. वर्षा से सावित्री इम्प्रेस हो जाती है और सारी संपत्ति उसके नाम कर देती है. इधर गांव में वर्षा की मुलाकात अजीत (राजेश खन्ना) से होती है, जो एक अच्छा और गरीबों का मददगार लड़का है और दोनों को एक-दूसरे से प्यार करने लगते हैं
राजेश खन्ना की फिल्म का चलाया जाता था ट्रेलर
IMdb के अनुसार, राजेश खन्ना की आन मिलो सजना राजेश खन्ना की 1969 से 1971 के बीच लगातार 17 हिट फिल्मों की लिस्ट में शामिल है, जिसका ट्रेलर 1970 में रिलीज हुई दूसरी फिल्मों के इंटरवल के दौरान चलाया जाता था. वहीं जैसे ही राजेश खन्ना स्क्रीन पर आते, भीड़ जोश से भर जाती थी. खास बात फिल्म की कहानी ही नहीं बल्कि गाना अच्छा तो हम चलते है भी है, जिसका म्यूजिक तैयार करते समय डायरेक्टर जे. ओम प्रकाश, गीतकार आनंद बख्शी और म्यूजिक डायरेक्टर लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल को धुन बनाने में मुश्किल हुई. वहीं जब कुछ भी ठीक से नहीं बन पा रहा था, तो आनंद बख्शी उठे और बोले, “अच्छा, तो हम चलते हैं,” जिस पर लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने जवाब दिया, “फिर कब मिलोगे?” इस तरह यह रोमांटिक गाना तैयार हुआ.
आन मिलो सजना के गाने
राजेश खन्ना, निरुपा रॉय, आशा पारेख और विनोद खन्ना की आन मिलो सजना का म्यूजिक लक्ष्मीकांत प्यारेलाल ने कंपोज किया था, जिसके बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे. इस फिल्म में 6 हिट गाने थे….पहले अच्छा तो हम चलते हैं, जिसे किशोर कुमार और लता मंगेशकर ने आवाज दी.
दूसरा गाना जवानी ओ दीवानी है, जिसे किशोर कुमार ने आवाज दी.
तीसरा गाना कोई नजराना लेकर आया हूं को मोहम्मद रफी ने आवाज दी.
चौथा गाना रंग रंग के फूल खिले को लता मंगेशकर और मोहम्मद रफी ने आवाज दी.
पांचवा गाना तेरे कारण मेरे साजन है, जिसे लता मंगेशकर ने गाया.
छठा गाना पलट मेरी जान तेरे कुर्बान है, जिसे आशा भोसले ने गाया.





