*वनांचल के विद्यार्थियों के सपनों को शिक्षा के पंख दे रहे कबीरधाम पुलिस कप्तान श्री जितेंद्र कुमार यादव।*
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव द्वारा वनांचल क्षेत्र के ऐसे विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल की गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद पढ़ाई जारी रखते हुए जीवन में कुछ बेहतर करने और अपने भविष्य का लक्ष्य हासिल करने की इच्छा रखते हैं।
इसी पहल के तहत ओपन परीक्षा के माध्यम से कक्षा 10वी और 12वीं की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई एवं भविष्य की तैयारियों के संबंध में चर्चा कर उन्हें नियमित रूप से मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेहनत, लगन और शिक्षा के माध्यम से जीवन में बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने तथा भविष्य में अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कबीरधाम पुलिस की यह पहल वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए सहयोग प्रदान करने का सकारात्मक प्रयास है।





