भिलाई। सीएसआईडी (CSID) द्वारा मंगलवार को उद्यमियों एवं व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य रेम्प (RAMP) योजना के अंतर्गत उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी देकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को व्यापार विस्तार के लिए प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रतिस्पर्धा के दौर में व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेना आवश्यक है। रेम्प योजना उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने, आधुनिक तकनीक अपनाने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने व्यापारियों से योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि पहले परिवार का एक सदस्य कमाता था उससे पूरा परिवार पलता था लेकिन आज परिवार के सभी सदस्यों को व्यापार में मेहनत करनी होगी तभी हम विकसित भारत के स्वप्न को पूर्ण कर पाएंगे। कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र (DIC) से एसए खान ने रेम्प योजना, ऋण प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं भास्कर फाउंडेशन से अतुल सिंह ने उद्यमियों को योजनाओं का प्रभावी उपयोग करने एवं व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उद्यमियों एवं व्यापारियों ने विशेषज्ञों से अपने प्रश्न पूछे तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के संबंध में उपयोगी जानकारी प्राप्त की। कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई तथा प्रतिभागियों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा ने बताया कि भिलाई चेम्बर द्वारा आयोजित कर्मकार व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण शिवीर 23 जुलाई से स्वावलंबन केंद्र चेम्बर कार्यालय बैकुंठ धाम में प्रारंभ होगा। यह जानकारी प्रचार प्रभारी शंकर सचदेव ने दी।
The post रेम्प योजना के अंतर्गत ऋण लेकर कैसे करें व्यापार, वर्कशॉप में विशेषज्ञों ने दी जानकारी appeared first on ShreeKanchanpath.

