छत्तीसगढ़

डिब्बों में कचरा पृथक्करण के लिए ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक

*रिमझिम बरसात में भी घर-घर पहुंच रहे स्वच्छाग्रही*

*बारिश के बीच भी नहीं थमा कचरा संग्रहण अभियान, 4 डिब्बों में कचरा पृथक्करण के लिए ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक*

कवर्धा,  जुलाई 2026। जिले में लगातार हो रही बारिश और रिमझिम फुहारों के बीच भी स्वच्छाग्रही पूरे समर्पण के साथ अपने दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत स्वच्छाग्रही प्रतिदिन सुबह से ही रेनकोट, गमबूट एवं अन्य सुरक्षा उपकरण पहनकर घर-घर पहुंच रहे हैं और नियमित रूप से कचरा संग्रहण के साथ-साथ ग्रामीणों को स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण करने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने स्वच्छाग्रहियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में चार रंगीन डिब्बों के माध्यम से कचरे का पृथक्करण एवं संग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में गीले कचरे की मात्रा बढ़ने से डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे समय में स्वच्छाग्रहियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने जिलेवासियों से अपील की कि ग्राम पंचायत द्वारा निर्धारित समय के अनुसार सप्ताह में दो दिन आने वाले स्वच्छाग्रहियों को समय पर कचरा उपलब्ध कराएं। उन्होंने नागरिकों से हरे डिब्बे में गीला कचरा, नीले डिब्बे में सूखा कचरा, लाल डिब्बे में सेनेटरी अपशिष्ट तथा काले डिब्बे में ई-वेस्ट अलग-अलग डालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छाग्रहियों का सम्मान करें, उनका उत्साहवर्धन करें तथा बरसात के मौसम में जलभराव और खुले में कचरा फेंकने से बचें, ताकि नालियां जाम न हों और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम हो सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में ही भगवान का वास है के संदेश को आत्मसात करते हुए सभी नागरिक स्वच्छता अभियान में सहभागी बनें और स्वच्छ कबीरधाम, स्वस्थ कबीरधाम के निर्माण में अपना योगदान दें।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार चयनित सभी ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से घर-घर कचरा संग्रहण किया जा रहा है। स्वच्छाग्रही दीदियों को 15वें वित्त आयोग के टाइड फंड से प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने के लिए सभी सरपंचों एवं सचिवों को निर्देशित किया गया है। साथ ही ग्राम पंचायतों को यूजर चार्ज संग्रहण सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को स्वच्छता व्यवस्था के लिए यूजर चार्ज देने के प्रति प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में स्वच्छाग्रहियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायतों द्वारा उन्हें ग्लव्स, गमबूट, जूते, मास्क, एप्रन, साड़ी सहित आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिससे वे सुरक्षित वातावरण में अपनी सेवाएं दे सकें।

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button