बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले में स्कूल के लिए निकले शिक्षक पर उसके ही चचेरे भाइयों ने घात लगाकर हमला किया। टीचर का गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया है। घटना सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे के आस-पास की है। यह खूनी वारदात त्रिकुंडा थाने क्षेत्र की है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी मिलने पर त्रिकुंडा पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।

बताया जाता है कि त्रिकुंडा के राधानगर निवासी जयकरन जगते ग्राम धमनी कुमीहा के विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे। वे रोज की तरह अपने स्कूल धमनी कुमिहा विधायक जाने के लिए अपने मोटरसाइकिल से निकले थे। अपने घर से करीब आधा किलोमीटर ही निकले थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे उसके चचेरे भाई बृजमोहन और हरिमोहन ने उसका रास्ता रोक लिया। हथौड़े और चाकू से उन पर ताबड़तोड़ प्रहार किया। इससे शिक्षक जयकरन मोटरसाइकिल से गिर पड़े, जिसके बाद आरोपियों ने बड़ी ही बेरहमी से चाकू से उसका गला रेत दिया। इससे शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक जयकरन जगते, उसके चचेरे भाई बृजमोहन 25 वर्ष, हरिमोहन 24 वर्ष के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामले में परिवार के बीच जमीन का बंटवारा भी हो चुका था। इसके बाद भी शिक्षक उन्हें अपने हिस्से की जमीन का सीमांकन करने और जोतने नहीं दे रहा था, जिससे विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
The post जमीन विवाद में चचेरे भाइयों ने स्कूल जा रहे शिक्षक की कर दी गला रेतकर हत्या appeared first on ShreeKanchanpath.




