Blog

भिलाई में घर में घुसकर चाकू की नोक पर बुजुर्ग दंपत्ति से लूट करने वाला बदमाश गिरफ्तार

भिलाई। घर में घुसकर बुजुर्ग दंपत्ति को धारदार हथियार दिखाकर सोने का नेकलेस लूट कर भागने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के मात्र एक दिन के भीतर आरोपी की पहचान कर विधिवत गिरफ्तार करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार तथा घटना के समय पहने गए कपड़े जप्त किए गए। प्रकरण में धारा 308(2), 351(3), 333, 127(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

portal add

मिली जानकारी के अनुसार पांच जुलाई को प्रार्थी वी. कुमार (59) निवासी शुभकामना हाइट्स, प्रगति नगर, रिसाली द्वारा थाना नेवई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 4 जुलाई 2026 को वह प्लांट ड्यूटी पर गया हुआ था। इसी दौरान घर में कार्य करने वाली गिरजा यादव ने फोन कर सूचना दी कि फ्लैट क्रमांक-109 स्थित उसके सास-ससुर के घर में एक अज्ञात व्यक्ति चेहरे पर कपड़ा बांधकर घर के भीतर घुसा तथा धारदार हथियार दिखाकर डरा-धमकाते हुए सोने-चांदी एवं नगदी की मांग की। इस दौरान सोने का नेकलेस लेकर फरार हो गया। रिपोर्ट पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 436/2026 धारा 308(2), 351(3), 333, 127(2) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, प्रार्थी एवं गवाहों के कथन तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर विभान्शु महोबिया (21) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी मूल रूप से सकई वायकला, पोस्ट डेकी बम्हनी बंजर, थाना बम्हनी बंजर, जिला मंडला मध्य प्रदेश का रहने वाला है। हाल के दिनों में वह हॉस्पिटल सेक्टर, सड़क क्रमांक-10, ब्लॉक-2, मकान क्रमांक-09 में रह रहा था। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार तथा घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर सोमवार को उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

उक्त कार्यवाही में थाना नेवई की क्राइम टीम, थाना प्रभारी नेवई, उपनिरीक्षक सुरेंद्र तारम, प्रधान आरक्षक नंदलाल तथा आरक्षक रवि बिसाई की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें। कानून व्यवस्था बनाए रखने में आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

The post भिलाई में घर में घुसकर चाकू की नोक पर बुजुर्ग दंपत्ति से लूट करने वाला बदमाश गिरफ्तार appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button