देवरी| देवरी क्षेत्र को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग को लेकर चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। अभियान के तहत जमडीहा पंचायत के जमडीहा गांव में लोगों से हस्ताक्षर कराए गए। ग्रामीणों ने रेल सुविधा को क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक बताते हुए अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस दौरान आयोजित बैठक की अध्यक्षता लाछो हाजरा ने की तथा संचालन मनीष चौधरी ने किया। बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि देवरी को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग लंबे समय से उठती रही है और इसके लिए जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर हस्ताक्षर संग्रह करने का कार्य जारी रहेगा। साथ ही अभियान को आगे बढ़ाने के लिए 21 जून को घसकरीडीह पंचायत में बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि देवरी को रेल मार्ग से जोड़ने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा विकास को भी गति मिलेगी। अभियानकर्ताओं ने लोगों से इस मुहिम में सहयोग करने और अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
0 2,500 1 minute read





