भिलाई। दुर्ग जिले के पुलगांव थाना में 7 करोड़ से ज्यादा का अफीम के पौधे, फल गुरूवार को एसएसपी विजय अग्रवाल की मौजूदगी में भिलाई इस्पात संयंत्र के दमन भट्टी में नष्ट किया गया। लगभग 14,30,100 नग अफ़ीम के पौधे, जड़ तना, पत्ती एवं फल को सुरक्षित एवं विधिसम्मत तरीके से नष्ट किया गया। उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति द्वारा निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए पर्यावरण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर भिलाई स्टील प्लांट में मादक पदार्थ नष्ट किया गया।
छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग तथा नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय, रायपुर के निर्देशानुसार जप्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण हेतु गठित रेंज स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति द्वारा गुरूवार को जिला दुर्ग के थाना पुलगांव, जिला दुर्ग के अपराध क्रमांक 247/2026, धारा 8 एवं 18 स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (NDPS Act) के अंतर्गत जप्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की कार्यवाही विधिवत किया गया।
उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य के नेतृत्व में यह कार्रवाई भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के एसएमएस-3 प्लांट में संपन्न हुई। इस दौरान समिति के सदस्य एसएसपी विजय अग्रवाल, उप पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग शशांक कुमार, आबकारी उपायुक्त विशेष रूप से उपस्थित रहे। नष्टीकरण हेतु पर्यावरण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक वैधानिक अनुमति प्राप्त की गई। निर्धारित मानकों एवं वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए भिलाई स्थित स्टील प्लांट में जप्त मादक पदार्थ का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
उक्त प्रकरण में आरोपियों से जब्त अवैध मादक पदार्थ अफीम के पौधे, जड़, तना, पत्ती, फूल एवं फल सहित लगभग 14,30,100 नग, कुल वजन 62,422.2 किलोग्राम, अफीम का सूखा फल (डोडा) 62.540 किलोग्राम तथा अफीम युक्त सूखा मिश्रित डोडा बुक्की 572 ग्राम जप्त किया गया था। जप्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7.88 करोड़ रुपये है। कार्यवाही के दौरान एएसपी सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी, डीएसपी पनिक राम कुजूर, शिल्पा साहू तथा पर्यावरण विभाग से संजय सिंह परिहार सहित बीएसपी एसएमएस-3 के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
The post दुर्ग पुलिस की कार्रवाई : दुर्ग में जब्त अफीम भिलाई स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेश में हुआ नष्ट appeared first on ShreeKanchanpath.

