Blog

मुख्यमंत्री साय ने दुर्ग जिले को दी 739 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 251 कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन

362 करोड़ 46 लाख रूपए के 98 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 376 करोड़ 92 लाख रूपए के 153 कार्यों का हुआ भूमिपूजन

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत दुर्ग जिले के झाडू राम देवांगन स्कूल प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय विशाल समाधान शिविर में शामिल हुए। इस गौरवशाली अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने दुर्ग जिले की जनता के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने तथा चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करने के लिए कुल 739 करोड़ 38 लाख रूपए की लागत के ऐतिहासिक विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा जिले को सुदृढ़ बनाने के लिए कुल 362 करोड़ 46 लाख रूपए की लागत के 98 महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें आम जनता को समर्पित किया गया। इसके साथ ही, भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कुल 376 करोड़ 92 लाख रूपए की अनुमानित लागत वाले 153 नए जनकल्याणकारी विकास कार्यों का पूरी विधि-विधान के साथ भूमिपूजन व शिलान्यास भी संपन्न हुआ।

लोकार्पण कार्यों में प्रमुख रूप से दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय जेल दुर्ग परिसर में 8.52 करोड़ रुपये की लागत से आवास निर्माण कार्य, 2.32 करोड़ रुपये की लागत से दुर्ग जेल में 50 बंदी क्षमता वाले 04 नाग बैरक का निर्माण, 4.03 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में पेवर ब्लॉक एवं डामरीकरण कार्य, 4.85 करोड़ रुपये की लागत से गंजपारा चौक से शिवनाथ नदी तक मार्ग उन्नयन कार्य तथा 1.49 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्वीमिंग पूल निर्माण कार्य जनता को समर्पित किए गए। वहीं दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में शिवनाथ नदी पर अनेक उच्चस्तरीय पुलों एवं पहुंच मार्गों का निर्माण पूरा होने से क्षेत्रीय आवागमन को नई गति मिलेगी। इनमें कोटनी के समीप शिवनाथ नदी पर लगभग 19.03 करोड़ रुपये, अंजोरा-चंगोरी-भरदा मार्ग पर लगभग 18.72 करोड़ रुपये तथा रूद्रा-धीरी मार्ग पर लगभग 13.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल प्रमुख हैं।

इसके अलावा अंडा में 25.23 करोड़ रुपये की लागत से 132 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना से विद्युत अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। रिसाली क्षेत्र में 2 करोड़ रुपए की लागत से प्रमुख मार्गों का विद्युतीकरण कार्य तथा विभिन्न नगरीय अधोसंरचना परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम भिलाई के अंतर्गत लगभग 9.77 करोड़ रुपए की लागत से चार नवीन ओवरहेड सर्विस रिजर्वायर निर्माण कार्य तथा 1.93 करोड़ रुपये की लागत से क्लियर वाटर राइजिंग मेन परियोजना का लोकार्पण हुआ, जिससे पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ आधार मिलेगा। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 66.70 करोड़ रुपये की लागत से रायपुर पुल (पीजीसीआईएल-धमधा) से केंदपुर तक 220 केवी विद्युत पारेषण लाइन परियोजना तथा 2.83 करोड़ रुपए की लागत से जल संसाधन विभाग की नहर लाइनिंग एवं जीर्णोद्धार परियोजना का लोकार्पण किया गया। वहीं पाटन विधानसभा क्षेत्र में शासकीय चंदूलाल चंद्राकर पीजी कॉलेज परिसर में लगभग 38.78 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, इंडोर स्टेडियम एवं स्टाफ क्वार्टर निर्माण कार्य का लोकार्पण हुआ। इसके अतिरिक्त ठाकुराइन टोला घाट में लगभग 19.40 करोड़ रुपये की लागत से लक्ष्मण झूला निर्माण तथा 9.25 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत पारेषण लाइन संबंधी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी जनता को समर्पित की गईं।

साजा विधानसभा क्षेत्र में भी मुख्यमंत्री श्री साय ने लगभग 16.41 करोड़ रुपये तथा 15.82 करोड़ रुपये की लागत से शिवनाथ नदी पर निर्मित दो उच्चस्तरीय पुलों का लोकार्पण किया। साथ ही 30 करोड़ रुपये की लागत से सेमरिया (लिटिया) में अति उच्च दाब विद्युत उपकेंद्र तथा लगभग 4.96 करोड़ रुपये की विद्युत लाइन परियोजना का भी लोकार्पण किया गया, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र में 3.92 करोड़ की लागत से तांदुला परियोजना अंतर्गत आनन्दगांव माइनर के रिमांडलिग एवं लाइनिंग कार्य तथा 4.24 करोड़ रुपए की लागत से हसदा नाला में उभरा स्टापडेम कम रपटा निर्माण कार्य के साथ साथ कई लोक कल्याणकारी कार्यों का लोकार्पण संपन्न हुआ।

इसी प्रकार भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के लिए 129.50 करोड़ रुपये की लागत से 77 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) निर्माण, 16.29 करोड़ रुपये की लागत से इंदिरा मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग, 13.64 करोड़ रुपये की लागत से गुंडरदेही रोड से हेमचंद यादव विश्वविद्यालय एवं पोटिया चौक तक सड़क चौड़ीकरण, 12.14 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर निर्माण तथा 11.02 करोड़ रुपये की लागत से राजेंद्र पार्क चौक से अंडरब्रिज तक फोरलेन सड़क निर्माण जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं शामिल हैं। 16.53 करोड़ रुपए की लागत से चंडी मंदिर से नया पारा मार्ग निर्माण, 10.50 करोड़ रुपये की लागत से 30 बिस्तर आयुर्वेद हॉस्पिटल निर्माणइसके अतिरिक्त 11.36 करोड़ रुपये की लागत से मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी एवं कम्पोस्ट प्लांट की स्थापना तथा शहर के विभिन्न वार्डों में लगभग 9.99 करोड़ रुपये की लागत से नाली, सड़क और अधोसंरचना विकास के साथ-साथ अनेक कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र में  भिलाई स्थित छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर में छात्र एवं छात्राओं के लिए 100-100 सीटर छात्रावासों के निर्माण, दुर्ग-जालबांधा मार्ग पर लगभग 7.31 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल निर्माण तथा रिसाली नगर निगम क्षेत्र में लगभग 17.24 करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख सड़कों के विकास एवं चौड़ीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में जवाहर मार्केट के उन्नयन एवं विकास हेतु 6.38 करोड़ रुपये, 3.08 करोड़ रुपये की लागत से 2×5 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर स्थापना, तथा विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज, नाली कवरिंग और सौंदर्यीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में दुर्ग-धमधा-बेमेतरा राज्य मार्ग पर लगभग 9.75 करोड़ रुपये तथा 6.56 करोड़ रुपये की लागत से दो मध्यम पुलों के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।

साजा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 6.69 करोड़ रुपए की लागत से दुर्ग जालबांधा मार्ग में सेवती के पास उच्च स्तरीय पुल के निर्माण कार्य का तथा बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 4.23 करोड़ रुपए की लागत से बरगांव नाला व्यपवर्तन एवं नहर लाइनिंग और जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, नगरीय अधोसंरचना तथा विद्युत पारेषण से जुड़ी इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

The post मुख्यमंत्री साय ने दुर्ग जिले को दी 739 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 251 कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button