बेमेतरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत बेमेतरा में 31 मई को होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में खास होने वाला है। स्थानीय विधायक दीपेश साहू यहां पर 23 जोड़ों के साथ खुद भी शादी करने जा रहे हैं। दीपेश साहू बेमेतरा में भाजपा के विधायक हैं और उनके इस निर्णय की सराहना की जा रही है। वीआईपी कल्चर से दूर सामूहिक विवाद के मंच पर शादी के निर्णय की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी सराहना की है।
बेमेतरा शहर के बेसिक स्कूल मैदान में 31 मई को सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। एक दिन पहले बेमेतरा विधायक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया। विधायक दीपेश साहू इस समारोह में तरूणा साहू के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। इस आयोजन में क्षेत्र के 23 गरीब और जरूरतमंद जोड़े भी विवाह बंधन में बंधेंगे। कुल 24 जोड़ों के इस सामूहिक विवाह को लेकर पूरे जिले में चर्चा का माहौल है। विधायक दीपेश साहू की इस पहल को शासन और प्रशासन दोनों स्तर पर सराहना मिल रही है। आयोजन के लिए प्रशासन ने आधिकारिक निमंत्रण पत्र भी जारी किए हैं। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा विधायक दीपेश साहू का सराहनीय निर्णय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जब कोई जनप्रतिनिधि अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक के लिए सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन को चुनता है, तो वह केवल विवाह नहीं करता, बल्कि समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।उ बेमेतरा विधायक दीपेश साहू द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में विवाह करने का निर्णय सादगी, सामाजिक समरसता और जनकल्याणकारी पहल के प्रति विश्वास का प्रेरक उदाहरण है। उनका यह निर्णय समाज को यह संदेश देता है कि विवाह जैसे पावन संस्कार को अनावश्यक आडंबर के बजाय संस्कार, सामाजिक सहभागिता और मानवीय मूल्यों से जोड़ा जाना चाहिए। मुझे विश्वास है कि उनका यह कदम अनेक युवाओं और परिवारों को सकारात्मक सोच और सरल, संस्कारित जीवन मूल्यों की दिशा में प्रेरित करेगा। दीपेश जी एवं उनकी जीवनसंगिनी को नवदाम्पत्य जीवन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं।
The post सामूहिक विवाह में 23 जोड़ों के साथ सात फेरे लेंगे बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, सीएम साय ने की सराहना appeared first on ShreeKanchanpath.

