Blog

मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती ने मोबाइल टावर पर फांसी लगाकर दी जान, पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश

जशपुर। जशपुर के कुनकुरी थाना क्षेत्र के धुमाडांड गांव की एक 22 वर्षीय युवती ने कुनकुरी थाने के सामने स्थित टावर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां के अनुसार, नीलिमा पिछले काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसे मोबाइल देखने की ज्यादा आदत थी।

परिजनों ने बताया कि युवती का बगीचा सेमरडीह गांव के एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और वह उसी के साथ रहती थी। साल भर पहले भी एक मामूली विवाद के बाद उसने आम के पेड़ पर फांसी लगाने का प्रयास किया था, लेकिन समय रहते उसे बचा लिया गया था। परिजनों ने उसका कई जगह इलाज और झाड़-फूंक भी कराया था, जिससे कुछ समय के लिए उसकी स्थिति ठीक हो जाती थी, लेकिन बाद में मानसिक हालत फिर बिगड़ जाती थी। मां ने बताया कि वह अक्सर मोबाइल पर फांसी लगाने से जुड़े वीडियो देखा करती थी, और मना करने पर भी नहीं मानती थी।

घटना के एक दिन पहले दोपहर में किसी का फोन आने पर कहीं चली गई थी। रात आठ बजे जब मां ने उससे फोन पर बात की, तो उसने घर लौटने की बात कही। लेकिन वह वापस नहीं आई। पुलिस के अनुसार, रात करीब 3 बजे पेट्रोलिंग टीम को युवती होलीक्रॉस अस्पताल के पास घूमती हुई मिली थी। पुलिसकर्मियों द्वारा समझाकर घर भेजे जाने पर वह घर की ओर रवाना भी हो गई थी। इसके बाद तड़के करीब 4 बजे उसने खुद डायल 112 पर कॉल करके कहा कि कुनकुरी थाने में कोई नहीं है। जब 112 की टीम मौके पर पहुंची, तो युवती ने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह सिर्फ यह देखना चाहती थी कि सूचना मिलने पर पुलिस कितनी जल्दी पहुंचती है।

सुबह करीब 5 बजे, उजाला होने पर थाने के सामने रहने वाले एक शख्स ने अपने घर की छत से देखा कि एक युवती पुलिस थाने के टावर पर चढ़ी हुई है और मोबाइल पर बात कर रही है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना थाने में दी। पुलिस ने डायल 112 से युवती का नंबर लेकर उससे बात की और उसे नीचे उतरने के लिए मना लिया। युवती नीचे उतरने को तैयार भी हो गई थी, लेकिन इसी बीच वह मोबाइल पर फिर से कोई वीडियो देखने लगी और अचानक टावर पर ही फांसी के फंदे पर झूल गई।

The post मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती ने मोबाइल टावर पर फांसी लगाकर दी जान, पहले भी कर चुकी थी आत्महत्या की कोशिश appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button