Blog

क्राइम स्पॉट पर हो सकेगी फोरेंसिंक जांच, दुर्ग में मोबाइल फोरेंसिक वैन सेवा का शुभारंभ

भिलाई। दुर्ग जिले में शनिवार को मोबाइल फोरेंसिक वैन सेवा का शुभारंभ क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला सेक्टर-4 में किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, कलेक्टर अभिजीत सिंह, आईजी अभिषेक शांडिल्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मोबाइल फोरेंसिक वैन के माध्यम से घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन, प्रारंभिक परीक्षण एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों से सुसज्जित मोबाइल फोरेंसिक वैन अपराध अनुसंधान को अधिक त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मोबाइल फोरेंसिक वैन के माध्यम से घटनास्थल पर तत्काल वैज्ञानिक परीक्षण एवं साक्ष्यों का सुरक्षित संकलन किया जा सकेगा, जिससे अपराधों की विवेचना अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगी। उन्होंने इसे आधुनिक अपराध अनुसंधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। सांसद विजय बघेल जी ने कहा कि यह पहल पुलिस विभाग एवं फोरेंसिक विज्ञान के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी तथा न्यायिक प्रक्रिया में वैज्ञानिक साक्ष्यों की विश्वसनीयता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य ने बताया कि मोबाइल फोरेंसिक वैन अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों से सुसज्जित है, जिसके माध्यम से घटनास्थल पर प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण, साक्ष्यों का सुरक्षित संकलन एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे अपराध अनुसंधान की प्रक्रिया अधिक त्वरित एवं वैज्ञानिक बनेगी।  क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के प्रभारी डॉ. पंकज ताम्रकार ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों की प्रकृति लगातार जटिल होती जा रही है, ऐसे में वैज्ञानिक साक्ष्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। मोबाइल फोरेंसिक वैन के माध्यम से घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक जांच को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. प्रज्ञा गजेंद्र  एवं शत्रुघ्न सिंह श्याम वैज्ञानिक अधिकारी  द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चन्द्राकर, विधायक भिलाई नगर देवेन्द्र यादव, खादी ग्राम उद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, दुर्ग संभाग आयुक्त एसएन राठौर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अपर सत्र न्यायाधीश दीपक खोसले, संयुक्त संचालक अभियोजन वीएल राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर आदि उपस्थित रहे।

The post क्राइम स्पॉट पर हो सकेगी फोरेंसिंक जांच, दुर्ग में मोबाइल फोरेंसिक वैन सेवा का शुभारंभ appeared first on ShreeKanchanpath.

Manoj Mishra

Editor in Chief

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button